المشاركات

*जनसुनवाई में एसपी देवेन्द्र पाटीदार ने सुनी आमजन की समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश*

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से झाबुआ पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक  देवेन्द्र पाटीदार ने विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा कर प्रकरणों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान महिला संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता से सुनते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। झाबुआ पुलिस आमजन की शिकायतों के समाधान एवं पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ख़बर पर आपकी राय