झाबुआ। जनजातीय नायक, स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के "जल, जंगल, जमीन हमारा है, हम ही इसकी रक्षा करेंगे!" के अमर संदेश को चरितार्थ करते हुए उनकी पावन धरा झाबुआ के शारदा समूह ने सोमवार को जल संरक्षण के क्षेत्र में एक नया विश्व इतिहास रच दिया है। कार्तिक शुक्ल पक्ष सप्तमी, विक्रम संवत् 2083 (युगाब्द संवत् 5128) के पावन अवसर पर शारदा समूह, झाबुआ एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में केशव इंटरनेशनल स्कूल, बाडकुआँ प्रांगण में *‘आधा गिलास पानी – जल संरक्षण अभियान’* का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। पानी की बर्बादी रोकने, विद्यार्थियों में जल संरक्षण की जिम्मेदारी विकसित करने, परिवार और समाज में जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यकता अनुसार पानी लेने की आदत बनाने के मुख्य उद्देश्यों को लेकर आयोजित इस अनूठे कार्यक्रम में हज़ारों प्रतिभागियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक साथ सामूहिक जल शपथ लेकर अपना नाम ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज कराया।
*विशिष्ट अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति ,पवित्र नदियों के जल संगम और प्रस्तावना के साथ हुआ भव्य शुभारंभ*
इस ऐतिहासिक आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास कैबिनेट मंत्री *सुश्री* *निर्मला भूरिया ,* रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर सांसद *श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान* , शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास नई दिल्ली के राष्ट्रीय सचिव *डॉ. अतुल कोठारी* , दाहोद विधायक कन्हैया किशोरी शिवगंगा झाबुआ के राजाराम कटारा, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एशिया हेड मनीष विश्नोई , बुंदेलखंड में 'वाटर मैन' के नाम से प्रसिद्ध रामबाबू तिवारी , झाबुआ कलेक्टर *डॉ. योगेश भरसट* तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) * देवेंद्र पाटीदार* विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सामान्य परिचय के साथ हुआ, जिसके पश्चात मंचासीन विशिष्ट अतिथियों द्वारा देश की विभिन्न पवित्र नदियों से लाए गए जल का एक कलश में संगम कर जल संरक्षण और राष्ट्रीय एकात्मता का संदेश दिया गया। इसके उपरांत आयोजक संस्थाओं के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। स्वागत की इसी कड़ी में *ओम प्रकाश शर्मा* ने कार्यक्रम की विस्तृत प्रस्तावना प्रस्तुत की। उन्होंने अभियान के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शारदा समूह द्वारा 'आधा गिलास पानी अभियान' वर्ष 2012 से निरंतर चलाया जा रहा है, जिसे अब व्यापक सामाजिक स्तर तक ले जाने की यह एक बड़ी मुहिम है। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में अक्सर हम पूरा गिलास पानी लेते हैं और आधा पीकर शेष फेंक देते हैं, जिससे प्रतिदिन लाखों लीटर स्वच्छ जल व्यर्थ बह जाता है; आवश्यकतानुसार आधा गिलास पानी लेने की यह छोटी-सी आदत आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करेगी। श्री शर्मा जी ने विश्वास व्यक्त किया कि जल संरक्षण का यह अनूठा अभियान केवल झाबुआ तक सीमित नहीं रहेगा, वरन विश्व पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ेगा।
*अतिथियों ने की पहल की सराहना, जल संरक्षण को बताया समय की सबसे बड़ी जरूरत*
उद्बोधन की श्रृंखला में सर्वप्रथम सांसद *श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान* ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शारदा समूह की इस अभिनव पहल के लिए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने "जल, जंगल और जमीन" की रक्षा का जो संकल्प लिया था, आज झाबुआ की धरा से यह अभियान उसी संकल्प को साकार कर रहा है और यह संदेश पूरे देश के लिए प्रेरणादायी बनेगा।
मुख्य वक्ता के रूप में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सचिव *डॉ. अतुल* *कोठारी* ने जल संरक्षण के महत्व और 'आधा गिलास पानी अभियान' की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल को जीवन और देवता का स्वरूप माना गया है, लेकिन आधुनिक जीवनशैली में पानी की बर्बादी एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है। डॉ. अतुल कोठारी ने *'आधा* *गिलास पानी अभियान* ' को एक क्रांतिकारी व्यवहारिक पहल बताते हुए कहा कि 'आधा गिलास' की परंपरा अपनाने से हर घर, विद्यालय और सार्वजनिक कार्यक्रमों में करोड़ों लीटर पानी बचाया जा सकता है। उन्होंने "देश को बदलना है, तो शिक्षा को बदलो" के ध्येय वाक्य को दोहराते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि संस्कार और शिक्षा से संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस अभियान से जुड़कर विद्यार्थी न केवल स्वयं पानी की एक-एक बूँद सहेजेंगे, बल्कि अपने परिवार और पूरे समाज में जल संरक्षण के संवाहक बनकर इस मुहिम को जन-आंदोलन का रूप देंगे।
इसके पश्चात कलेक्टर *योगेश भरसट* ने अपने उद्बोधन में प्रशासन की ओर से इस अभियान को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जल संकट आज की सबसे बड़ी चुनौती है और इसका समाधान जनभागीदारी से ही संभव है। कलेक्टर महोदय ने विशेष रूप से विद्यार्थियों में बचपन से ही पानी के महत्व और संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
' *जल की बूँद' की आकृति और सामूहिक शपथ से गूँजा प्रांगण*
आयोजन का सबसे आकर्षक और विहंगम दृश्य वह रहा, जब केशव इंटरनेशनल स्कूल के मैदान में हज़ारों प्रतिभागियों और बच्चों ने अत्यंत अनुशासित ढंग से बैठकर ‘जल की बूँद’ की एक विशाल और मनमोहक आकृति का निर्माण किया, जिसका ड्रोन व कैमरों के माध्यम से विशेष छायाचित्रण किया गया। इसके तुरंत बाद प्रदेश की कैबिनेट मंत्री *सुश्री निर्मला भूरिया* ने मंच से उपस्थित हज़ारों प्रतिभागियों, विद्यार्थियों एवं अतिथियों को ‘सामूहिक जल शपथ’ दिलाई। पूरे प्रांगण ने एक स्वर में "जल बचाएँ, भविष्य बचाएँ — आओ, मिलकर संकल्प लें" के उद्घोष के साथ स्वयं पानी की बर्बादी रोकने, आवश्यकतानुसार ही जल का उपयोग करने तथा अपने परिवार और समाज को इसके लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।
*गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा सम्मान एवं प्रमाणपत्र प्रदान*
इस अभूतपूर्व, अनुशासित और सफल आयोजन का निरीक्षण करने के पश्चात गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि *मनीष विश्नोई* ने मंच से आधिकारिक रूप से विश्व रिकॉर्ड बनने की घोषणा की। घोषणा होते ही पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। विश्नोई ने शारदा समूह के पदाधिकारियों को विश्व रिकॉर्ड का सम्मान एवं आधिकारिक प्रमाणपत्र अब प्रदान कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएँ दीं।
*पद्म श्री शांति परमार एवं रमेश परमार द्वारा पारंपरिक गुड़िया भेंट*
कार्यक्रम के समापन की ओर बढ़ते हुए झाबुआ की कला और संस्कृति का मान बढ़ाने वाले पद्म श्री से सम्मानित दंपती श्रीमती शांति परमार एवं रमेश परमार ने मंचासीन सभी विशिष्ट अतिथियों को झाबुआ की विश्व प्रसिद्ध हस्तनिर्मित पारंपरिक ‘गुड़िया’ स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की। अंत में सामूहिक राष्ट्रगान का गायन हुआ, जिसके पश्चात श्री *मयंक रूनवाल* ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, मीडिया बंधुओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
