Posts

*गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में कीर्तिमान बनाने की तैयारी: शारदा समूह का ‘आधा गिलास पानी अभियान’*

राजेंद्र राठौर
“आधा गिलास जल, सुरक्षित कल” — जल संरक्षण के संकल्प के साथ हजारों विद्यार्थी एक साथ लेंगे शपथ

झाबुआ। जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और पानी की बर्बादी रोकने के उद्देश्य से शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की प्रेरणा से शारदा समूह, झाबुआ द्वारा एक अनूठी पहल ‘आधा गिलास पानी अभियान’ प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 16 नवंबर 2026 को केशव इंटरनेशनल स्कूल, बाड़कुआं, झाबुआ में एक वृहद सामूहिक आयोजन किया जाएगा, जिसमें शारदा समूह की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के हजारों विद्यार्थी, शिक्षक एवं अन्य प्रतिभागी शामिल होकर जल संरक्षण का सामूहिक संकल्प लेंगे।

इस अवसर पर शारदा समूह के संचालक ओम शर्मा ने मीडिया को अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जल हमारे जीवन का आधार है और इसकी प्रत्येक बूंद अनमोल है। सामान्यतः हम आवश्यकता से अधिक पानी गिलास में ले लेते हैं और बचा हुआ पानी व्यर्थ चला जाता है। इसी छोटी-सी आदत में बदलाव लाने के उद्देश्य से ‘आधा गिलास पानी अभियान’ की परिकल्पना की गई है।

उन्होंने कहा कि अभियान का मूल संदेश अत्यंत सरल एवं व्यावहारिक है— “पहले आधा गिलास पानी लें, आवश्यकता होने पर दोबारा लें, लेकिन पानी व्यर्थ न करें।” इस अभियान की टैगलाइ​न “आधा गिलास जल, सुरक्षित कल” है। यह केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, परिवारों और समाज की दैनिक जीवनशैली में जल संरक्षण की आदत विकसित करने का प्रयास है।

ओम शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में हजारों प्रतिभागियों की सामूहिक सहभागिता के माध्यम से गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में एक नया कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए शारदा समूह की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों को विशेष रूप से शामिल किया जा रहा है। विद्यार्थियों के माध्यम से इस संदेश को उनके परिवारों, विद्यालयों, कार्यालयों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की योजना है।

अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में पानी की बर्बादी रोकना, विद्यार्थियों में जल संरक्षण की जिम्मेदारी विकसित करना, परिवारों एवं समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा आवश्यकता के अनुसार ही पानी लेने की आदत को जन-आंदोलन का स्वरूप देना शामिल है।

उन्होंने कहा कि आज जल संकट वैश्विक चिंता का विषय बनता जा रहा है। ऐसे में केवल सरकारों और संस्थाओं के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी दैनिक आदतों में बदलाव लाना होगा। यदि प्रत्येक व्यक्ति पानी का उपयोग जिम्मेदारी से करे, तो सामूहिक रूप से जल संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है।

शारदा समूह का आह्वान है कि आइए, आधा गिलास पानी से शुरुआत करें और जल संरक्षण को अपने जीवन का संस्कार बनाएं।

ख़बर पर आपकी राय