Posts

*श्री कृष्ण गो सेवा सदन चारोलीपाड़ा में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया गोवर्धन महोत्सव*

राजेंद्र राठौर
*महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में हुआ गोवर्धन पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह*
*गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत जिले के 9 विजेता पशुपालकों को शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर किया सम्मानित*
*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से पशुपालकों के खातों में अंतरित की 5 लाख 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि*

झाबुआ। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार गौ-संवर्धन, गौ-संरक्षण एवं पशुपालन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से सोमवार को श्री कृष्ण गो सेवा सदन चारोलीपाड़ा, झाबुआ में गोवर्धन पूजा एवं गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत पशुपालक सम्मान समारोह का आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया गया। कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य तथा कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, जिलाध्यक्ष भानु भूरिया एवं अन्य अतिथियों द्वारा विधि-विधान से गोवर्धन पूजन कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने गौमाता का पूजन कर गुड़ एवं चना खिलाया तथा गौसेवा एवं गौ-संरक्षण का संदेश दिया। गोवर्धन पूजा के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गौसेवकों ने गौमाता के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

*गौ-संरक्षण हमारी संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण समृद्धि का आधार : मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, आस्था एवं सनातन परंपरा में विशेष स्थान रखती हैं। गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण, पशुधन एवं मानव जीवन के बीच गहरे संबंध का संदेश देता है।गौमाता की सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक जिम्मेदारी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गौ-संरक्षण, गौ-संवर्धन एवं पशुपालकों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण, पशुधन संरक्षण, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को सम्मानित कर अन्य पशुपालकों को भी प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि झाबुआ जिला कृषि एवं पशुपालन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था वाला जिला है। यहां पशुपालन ग्रामीण परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में पशुपालन के माध्यम से परिवारों को अतिरिक्त आय प्राप्त होती है। ऐसे में उन्नत पशुपालन, पशुओं के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य देखभाल एवं दुग्ध उत्पादन में वृद्धि पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। पशुपालन को आधुनिक तकनीकों एवं शासन की योजनाओं से जोड़कर ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत जिले के 9 विजेता पशुपालकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत एवं समर्पण का परिणाम है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से पुरस्कार राशि का अंतरण पशुपालकों को प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने गौसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि गौ-संरक्षण एवं गौशालाओं के बेहतर संचालन में समाज की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से गौसेवा एवं गौ-संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

*गौ-संवर्धन एवं पशुपालकों के सशक्तिकरण के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध : कलेक्टर डॉ. भरसट*

 कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन की मंशानुसार जिले में गौ-संरक्षण, पशुधन विकास एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पशुपालक शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा उन्नत पशुपालन पद्धतियों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें। जिला प्रशासन गौशालाओं के बेहतर संचालन एवं पशुपालकों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है, जो गौमाता के प्रति सेवा, संवेदनशीलता एवं संरक्षण की भावना को मजबूत करता है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर प्रकृति के संरक्षण एवं सामूहिक एकता का जो संदेश दिया था, वह आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने गौ-संरक्षण एवं पशुधन के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया तथा सम्मानित पशुपालकों को शुभकामनाएं दीं।

जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में गौ-संवर्धन एवं पशुपालन को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना से पशुपालकों का उत्साहवर्धन होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विजेता पशुपालकों को बधाई देते हुए गौसेवा एवं गौ-संरक्षण के कार्यों में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया।

*गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत 9 पशुपालक सम्मानित*

कार्यक्रम के दौरान गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत जिले के चयनित वृंदावन ग्रामों कल्याणपुरा, नौगावां एवं रायपुरिया के 9 विजेता पशुपालकों को अतिथियों द्वारा शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के माध्यम से विजेता पशुपालकों के बैंक खातों में कुल 5 लाख 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि अंतरित की।

उल्लेखनीय है कि योजना के अंतर्गत 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को जिले के तीनों चयनित वृंदावन ग्रामों में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिताओं में कुल 24 पशुपालकों ने पंजीयन कराया था। प्रतिदिन उत्पादित दूध की मात्रा के आधार पर प्रत्येक ग्राम से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालकों का चयन किया गया। प्रत्येक ग्राम में प्रथम स्थान प्राप्त पशुपालक को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त पशुपालक को 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त पशुपालक को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

*वृंदावन ग्राम रायपुरिया के विजेता पशुपालक*

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 195 पेटलावद के अंतर्गत वृंदावन ग्राम रायपुरिया में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 10 पशुपालकों ने पंजीयन कराया था। प्रतियोगिता में प्रतिदिन 9.04 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जगदीश पिता मोहनलाल पाटीदार को 1 लाख रुपये, 8.78 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले श्री दुर्गेश पिता नाथु सिंह मडोड को 50 हजार रुपये तथा 6.16 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले गलिया पिता सड़िया पांडर को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। तीनों विजेता पशुपालकों को शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

*वृंदावन ग्राम कल्याणपुरा के विजेता पशुपालक*

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 193 झाबुआ के अंतर्गत वृंदावन ग्राम कल्याणपुरा में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 7 पशुपालकों ने पंजीयन कराया था। प्रतियोगिता में प्रतिदिन 9.96 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्री रुद्र प्रताप चौहान को 1 लाख रुपये, 6.44 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले श्री रमण लाल परमार को 50 हजार रुपये तथा 6.09 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले श्री हरिओम पंचाल को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। तीनों विजेता पशुपालकों को शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

*वृंदावन ग्राम नौगावां के विजेता पशुपालक*

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 194 थान्दला के अंतर्गत वृंदावन ग्राम नौगावां में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 7 पशुपालकों ने पंजीयन कराया था। प्रतियोगिता में प्रतिदिन 7.86 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्री महेश पिता किरण सिंह को 1 लाख रुपये, 6.46 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले  सोनिया पिता नानजी बामनिया को 50 हजार रुपये तथा 6.06 लीटर दुग्ध उत्पादन के साथ तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले जय सिंह पिता वेस्ता परमार को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। तीनों विजेता पशुपालकों को शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

*गौसेवा में समर्पित सेवकों का भी किया गया सम्मान*

कार्यक्रम के दौरान श्री कृष्ण गो सेवा सदन चारोलीपाड़ा में गौमाता की सेवा एवं देखभाल में समर्पित गौसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए कुंदन, श्रीमती रेखा एवं बाबू सिंह को अतिथियों द्वारा शॉल एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गौशाला के संचालन, गौमाता की देखभाल एवं संरक्षण में गौसेवकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके सेवाभाव की सराहना की गई।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, अपर कलेक्टर सी एस सोलंकी, एसडीएम महेश कुमार मंडलोई, उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. ए एस दिवाकर, अन्य अधिकारी कर्मचारी, गौशाला समिति के सदस्य, गौसेवक, पशुपालक एवं नागरिक उपस्थित रहे।

ख़बर पर आपकी राय