झाबुआ। केशव इंटरनेशनल स्कूल, झाबुआ के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों विराट पूजा रवि डोडियार एवं काव्यांश नीता निलेश पांचाल का राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। दोनों विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया और राज्य स्तर पर अपनी जगह सुनिश्चित की।
प्रतियोगिता में विराट डोडियार ने 360 में से 313 अंक प्राप्त किए, जबकि काव्यांश पांचाल ने 360 में से 293 अंक अर्जित किए। दोनों विद्यार्थियों का यह प्रदर्शन उनकी मेहनत, एकाग्रता एवं खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। इसी प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थी दिव्यांश दोहरे ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
अब दोनों खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रतियोगिता इटारसी एवं सुजालपुर में आयोजित की जाएगी।
विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्य ने दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय ने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा से विद्यालय एवं झाबुआ जिले का नाम रोशन करेंगे।
केशव इंटरनेशनल स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी समान महत्व देता है। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय की खेल संस्कृति एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का प्रमाण है।
