Posts

*निराश्रित बाल गृह में एनएसएस स्वयंसेवियों ने बांटा स्नेह, बच्चों ने कहा— 'आप लोग फिर से आइएगा'*

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं रेड रिबन क्लब द्वारा स्थानीय निराश्रित बाल गृह में सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी के निर्देशन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवी छात्राओं ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, पौष्टिक आहार, शिक्षा के महत्व तथा गुड टच–बैड टच जैसे संवेदनशील विषयों पर सरल एवं रोचक ढंग से जागरूक किया। खेल, कहानी, प्रश्नोत्तरी और संवाद के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली तथा आत्म-सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लिया और नई जानकारियाँ प्राप्त कीं।
डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी ने बच्चों को प्रतिदिन स्नान करने, भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने, स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी अनुचित स्पर्श की जानकारी तुरंत अपने अभिभावक, शिक्षक या विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को देने के लिए प्रेरित किया। क्रीड़ा अधिकारी विद्या चौहान ने बच्चों से मोबाइल की लत से दूर रहकर खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने बच्चों को जीवन में अनुशासन, संस्कार, माता-पिता एवं गुरुजनों के सम्मान तथा शिक्षा के महत्व पर प्रेरक संदेश दिया। इस अवसर पर बच्चों ने कविता एवं कहानी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को समोसे, बिस्कुट एवं चिप्स के पैकेट वितरित किए गए। बाल गृह की शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का भी कार्यक्रम में सराहनीय सहयोग रहा।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब बच्चों ने मुस्कुराते हुए स्वयंसेवियों से कहा
—"आप लोग फिर से आइएगा।" बच्चों का यह स्नेह सभी के हृदय को छू गया और सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सच्चे अर्थों में साकार होता दिखाई दिया।

ख़बर पर आपकी राय