Posts

*सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण शिविर का हुआ आयोजन*

राजेंद्र राठौर
*शिविर में 278 दिव्यांगजनों का हुआ पंजीयन, विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का मिला लाभ*
*कोई भी पात्र दिव्यांगजन पेंशन एवं शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे—कलेक्टर डॉ. भरसट*
झाबुआ। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा गुरुवार को जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र, रंगपुरा झाबुआ में दिव्यांगजन सशक्तिकरण गतिविधि शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 278 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया तथा उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं, स्वरोजगार, कौशल विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में लगभग 12 हजार दिव्यांगजन चिन्हित हैं। ऐसे दिव्यांगजन, जिनके दिव्यांगता प्रमाण-पत्र नहीं बने हैं अथवा जो पात्र होने के बावजूद पेंशन से वंचित हैं, उनका निरंतर चिन्हांकन कर योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन प्रतिमाह 600 रुपये की पेंशन एवं अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि दिव्यांगजनों में आत्मनिर्भर बनने की अपार क्षमता है। जिला प्रशासन द्वारा उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ऋण एवं कौशल विकास प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। किराना दुकान, सिलाई, हस्तशिल्प, आइसक्रीम व्यवसाय सहित अन्य स्वरोजगार प्रारंभ करने के इच्छुक दिव्यांगजन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने आरसेटी के माध्यम से इच्छुक दिव्यांगजनों के लिए सिलाई प्रशिक्षण का विशेष बैच प्रारंभ करने की बात कही।

उन्होंने दिव्यांगजनों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 07 से 09 अक्टूबर तक आयोजित निःशुल्क प्रिवेंटिव स्वास्थ्य शिविर का लाभ लेने का आह्वान किया। साथ ही दिव्यांगजनों को आवागमन के लिए विशेष तीन पहिया मोटराइज्ड वाहन, स्वरोजगार सहायता एवं पात्रतानुसार आयुष्मान योजना के अंतर्गत उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी।

*शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा दी गई सेवाएं*

शिविर में कुल 278 पंजीयन हुए। इनमें बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान में प्रशिक्षण हेतु 19 पंजीयन किए गए। पशुपालन विभाग को 43, जनजातीय वित्त एवं विकास निगम को 04, बैंक ऑफ बड़ौदा को 12 तथा मध्यप्रदेश ग्रामीण क्षेत्रीय बैंक को 19 आवेदन प्रेषित किए गए। इसी प्रकार 20 नवीन यूडीआईडी कार्ड, 16 यूडीआईडी अपडेशन एवं 15 आधार अपडेशन संबंधी कार्यवाही की गई। साथ ही 63 दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविर में दिव्यांगजनों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान कर स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

इस दौरान सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्रीमती हेलेन वसुनिया एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

ख़बर पर आपकी राय