झाबुआ। इंदौर पब्लिक स्कूल, झाबुआ में विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी एवं नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अणुव्रत सोसायटी के तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंकज कोठारी अपने पुत्र मास्टर दिव्य कोठारी के साथ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों को अणुव्रत शपथ दिलाकर की गई। विद्यार्थियों ने सत्य का पालन करने, किसी को धोखा न देने, सभी जीव-जंतुओं की रक्षा करने, पर्यावरण की सुरक्षा करने, भ्रूण हत्या का विरोध करने तथा सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जोश और उत्साह के साथ नशा मुक्ति गीत प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सोचने और जागरूक होने का संदेश दिया। इसके पश्चात विद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने संदेशपूर्ण नारों के माध्यम से नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का आह्वान किया।
विद्यालय की उप प्राचार्या श्रीमती दीपिका श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा, “बच्चों में संस्कार, सत्यनिष्ठा, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त जीवन की भावना विकसित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। अणुव्रत जैसे अभियान विद्यार्थियों को अच्छे नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।”
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में संकल्प, संस्कार और सामाजिक चेतना की भावना को मजबूत करते हुए समाज को सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया।
