Posts

*राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस पर ढेकल बड़ी में सेवा संकल्प अभियान के तहत एक दिवसीय दिवा जागरूकता शिविर आयोजित*

राजेंद्र राठौर
झाबुआ, 24 सितंबर 2026। शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, रेड रिबन क्लब, इको क्लब एवं यूथ रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में 58वें राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के अवसर पर 24 सितंबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम ढेकल बड़ी में एक दिवसीय दिवा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी के निर्देशन एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति त्रिपाठी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् गीत के साथ किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने शिविर के उद्देश्य एवं दिनभर आयोजित होने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी से नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण का सर्वोत्तम मंच है। इसका ध्येय वाक्य "स्वयं से पहले आप" युवाओं को समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
शिविर के दौरान स्वयंसेवी छात्राओं ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को जागरूक किया। तत्पश्चात रैली निकालकर नशामुक्ति, एड्स जागरूकता, स्वैच्छिक रक्तदान, टीबी उन्मूलन, सिकल सेल जागरूकता, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ग्रामीण महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, पोषण, किशोरी स्वास्थ्य एवं शिक्षा के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
आंगनवाड़ी केंद्र में टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्तनपान, माहवारी स्वच्छता, एनीमिया से बचाव तथा संतुलित पोषण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इको क्लब के माध्यम से विद्यालय परिसर एवं आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर प्लास्टिक एवं पॉलीथिन मुक्त वातावरण का संदेश दिया गया तथा कचरा एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया गया।
शिविर में विद्यालय के समस्त स्टाफ, स्वयंसेवी छात्राएँ, विद्यार्थी, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएँ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी के सक्रिय सहयोग से शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

ख़बर पर आपकी राय