झाबुआ। शासकीय कन्या महाविद्यालय झाबुआ की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, रेड रिबन क्लब एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नशा मुक्त भारत अभियान के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी के निर्देशन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में स्वयंसेवी छात्राओं ने स्थानीय बस स्टैंड पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन कर नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
छात्राओं ने प्रेरक नारों "हमने मन में ठाना है, नशे को दूर भगाना है" के साथ यात्रियों एवं राहगीरों को एकत्रित किया और नाटक के माध्यम से बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, आर्थिक स्थिति एवं सामाजिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है।
नुक्कड़ नाटक में छात्राओं ने यह संदेश भी दिया कि वर्तमान समय में शराब, तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों के साथ-साथ मोबाइल एवं सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग भी डिजिटल नशे का रूप ले रहा है, जो युवाओं की एकाग्रता, समय प्रबंधन एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने युवाओं से तकनीक का उपयोग ज्ञानवर्धक एवं सकारात्मक कार्यों के लिए करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवी छात्राओं ने बस, ऑटो एवं अन्य वाहनों में बैठे यात्रियों तथा पैदल राहगीरों से संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित नागरिकों एवं यात्रियों को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सहयोग का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी एवं प्रो. ज्योति भावर उपस्थित रहीं। नुक्कड़ नाटक में स्वयंसेवी छात्राओं पायल प्रजापत, अनीशा, प्रिया, प्रीतिका, रिया, लक्ष्मी, सेजल, पूजा, राधा, फिरदौस एवं अन्य छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
