*'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया*
झाबुआ। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित *"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0"* अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार नवाचार करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनजागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार के नेतृत्व में अभियान के तहत प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन एवं विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला पुलिस झाबुआ द्वारा संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत *वयं गुरुकुलम विद्यालय* में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम एवं व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें आगे बढ़कर समाज को नशे की बुराई से मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के प्रति स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया।
उन्होने कहा कि सही मार्गदर्शन ही युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रख सकते हैं। स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त युवा ही विकसित और समृद्ध राष्ट्र की नींव होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ड्रग्स, नशीली दवाइयों, गांजा, स्मैक तथा अन्य सभी प्रकार के मादक पदार्थों को दृढ़ता से 'ना' कहने और अपने जीवन में शिक्षा, खेल तथा सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का संदेश दिया।
अभियान के अंतर्गत जिलेभर में *23 जागरूकता कार्यक्रमों* का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से लगभग *3103 नागरिकों* को नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
इसके साथ ही वयं गुरुकुलम, झाबुआ, माध्यमिक विद्यालय अगराल, शासकीय हाई सेकेंडरी विद्यालय बोड़ायता, सारंगी तथा जिले के अन्य विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं खेल परिसरों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
झाबुआ पुलिस का यह अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा। विभिन्न नवाचारों एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर *"नशामुक्त झाबुआ"* के लक्ष्य को साकार करने का सतत प्रयास किया जाएगा।
