*ऐतिहासिक चातुर्मास प्रवेशोत्सव की तैयारियां भव्य रूप से संपन्न*
झाबुआ
मालवा की मुकुट मणि बावन जिनालय से सुशोभित झाबुआ नगरी मे इस वर्ष, द्विशताब्दी आध्यात्मिक चातुर्मास–2026 के ऐतिहासिक प्रवेशोत्सव की साक्षी बनने जा रही है। प्रभु श्री राजेन्द्रसूरीश्वरजी म.सा. के जन्म द्विशताब्दी वर्ष को समर्पित इस भव्य आयोजन के तहत20 जुलाई सोमवार को पूज्य पुण्यसम्राट, युगप्रभावकाचार्य गुरुदेव श्रीमद् विजय जयन्तसेन सूरीश्वरजी महाराजा के पट्टधर, धर्मदिवाकर, हृदयसम्राट एवं गच्छाधिपति पूज्य श्रीमद् विजय नित्यसेन सूरीश्वरजी म.सा. एवं आचार्य देव श्री मद् विजय जयरत्न सुरीश्वर जी महाराज साहेब की आज्ञानुवर्ती सरलहदया,परम पुज्य साध्वी श्री अविचल द्रष्टा श्री जी महाराज साहेब आदि ठाणा-श्रमणी वृंद का भव्य चातुर्मास प्रवेश होगा।
परिषद के मिडिया प्रभारी नवकार संयोजक योगेन्द्र नाहर ने बताया की सरलहदया साध्वी श्री आदि ठाणा 18 जुलाई से पारा विहार कर खयडु पहुंचें एवं 19, जुलाई को खयडु से विहार कर श्री गोंडी पार्श्वनाथ तीर्थ पर दर्शन वंदन कर रामकृष्ण नगर स्थित मुकेश नाकोड़ा के निवास जयंत लब्धि विला पहुंचे हैं जहां से वे 20,जुलाई सोमवार को विहार कर झाबुआ स्थिति श्री बावन जिनालय, मे चातुर्मास हेतु मंगल प्रवेश करेंगे।
चातुर्मास प्रवेश के अवसर पर शहर में आस्था का विराट शोभायात्रा जुलूस निकलेगा, जिसमें हजारों गुरु भक्त धर्मध्वजाओं के साथ शामिल होंगे। सुसज्जित बैंड, आकर्षक धार्मिक झांकियां, पारंपरिक वाद्ययंत्र एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शोभायात्रा की भव्यता को और अधिक आकर्षक बनाएंगी।
महिला परिषद्,बहु,परिषद महिला मंडल द्वारा भव्य कलश यात्रा आयोजन का विशेष आकर्षण होगी। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सदस्य अपनी-अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद, महिला परिषद, बहू परिषद तथा श्री राजेन्द्र महिला मंडल के सदस्य भी संस्था के बैनर एवं पारंपरिक परिधान में अनुशासित रूप से सहभागिता करेंगे।
चातुर्मास प्रवेशोत्सव के दौरान धर्मसभा, गुरु वंदना, मंगल प्रवेश एवं विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन श्री सौधर्म बृहत्तपोगच्छीय त्रिस्तुतिक जैन श्वेताम्बर श्रीसंघ एवं राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में होगा। चातुर्मास समिति ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।
