झाबुआ। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार, 01 जुलाई 2026 को महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में नवप्रवेशित छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का तिलक लगाकर एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत के उपरांत छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, उत्कृष्ट परिणामों, विभिन्न सुविधाओं, पाठ्यक्रमों तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों से विस्तृत रूप से अवगत कराया गया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने छात्राओं को उच्च शिक्षा के महत्व, अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन एवं व्यक्तित्व विकास के विभिन्न आयामों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण भी कराया गया, जिसमें उन्हें विभिन्न विभागों, आधुनिक प्रयोगशालाओं, समृद्ध पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, ओपन जिम, कक्षाओं एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी गई।
प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालयीन वातावरण से परिचित कराना, उनमें आत्मविश्वास का संचार करना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आगामी सत्रों में छात्राओं को छात्रवृत्ति योजनाओं, खेल सुविधाओं, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), युवा उत्सव, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा अन्य सहशैक्षणिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ, नवप्रवेशित छात्राएं तथा उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।