कलेक्टर ने रक्तदाताओं का किया सम्मान, सेवा भाव से स्वास्थ्य सेवाएं देने का किया आह्वान
झाबुआ। डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में "जीवनधारा अभियान – एक बूंद उम्मीद की" के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राणापुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट विशेष रूप से उपस्थित हुए तथा रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। शिविर में कुल 67 यूनिट रक्तदान किया गया, जो जीवनधारा अभियान के अंतर्गत अब तक का सर्वाधिक रक्त संग्रह है।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि शासन स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जब जनसहयोग इन प्रयासों से जुड़ता है, तब परिणाम और अधिक प्रभावी होते हैं। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राणापुर को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनाने पर बल देते हुए कहा कि विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला का गर्भधारण के प्रथम तीन माह के भीतर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रसव के पश्चात सात सप्ताह तक उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी माता कुपोषित या कमजोर न रहे तथा नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल हो। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को प्रभावी व्यवस्था विकसित करनी होगी।
उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में चिकित्सकों को भगवान का स्वरूप माना जाता है। इस विश्वास और भावना को बनाए रखने के लिए सेवा भाव से कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नौकरी करना अलग बात है, लेकिन समाज और मानवता की सेवा करना अधिक महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से झाबुआ जैसे जनजातीय क्षेत्र में सेवा की भावना से कार्य करने की आवश्यकता है, जिससे कोई भी मरीज स्वयं को उपेक्षित महसूस न करे। उन्होंने डॉक्टर्स डे के अवसर पर चिकित्सकों से समय पर उपस्थित होकर संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।
डॉक्टर्स डे के अवसर पर राणापुर निवासी समाजिक संगठन की श्रीमती यशवी शाह एवं उनके पति नितेश शाह द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राणापुर को जनसहयोग के रूप में एक शव पेटी भेंट की गई। इस अवसर पर कलेक्टर ने दोनों दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।
श्रीमती यशवी शाह ने कहा कि शासन एवं प्रशासन अपने स्तर पर कार्य करते हैं, लेकिन समाज के नागरिक भी जनसहयोग के माध्यम से विकास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार का प्रयास है कि नगर एवं क्षेत्र के विकास में सक्रिय सहयोग प्रदान किया जाए।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) झाबुआ महेश मंडलोई, चिकित्सकगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
