शासकीय कन्या महाविद्यालय झाबुआ में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, इको क्लब एवं साहित्य एवं सांस्कृतिक समिति के संयुक्त तत्वावधान में महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर डॉ. मुकेश अजनार ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन-संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान तथा जनजातीय समाज के अधिकारों, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन एवं शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज में जागरूकता, एकता और आत्मसम्मान की भावना जागृत की। उनका जीवन साहस, संघर्ष, त्याग और देशभक्ति की प्रेरणादायी मिसाल है तथा उन्होंने जनजातीय समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी एवं इको क्लब प्रभारी डॉ. प्रीति समदरिया त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि "जल ही जीवन है, जल है तो कल है", इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाए।
प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने तथा जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत के संरक्षण के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित सभी छात्राओं एवं स्टाफ को "आधा गिलास जल" अपनाने तथा जल संरक्षण की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में छात्राओं को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं उनके योगदान से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने भाषण, चित्रकला एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर विजयकुमार ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. प्रीति समदरिया त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक डॉ. सारिका डुडवे, डॉ. प्रकाश अलंसे, डॉ. विद्या चौहान, प्रो. सुरेश भूरिया, प्रो. ज्योति भाबोर, प्रो. सुनिता गेहलोत सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।