Posts

चौंकाने वाला खुलासा, बेटे की आत्महत्या के बाद शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के उद्देश्य से पिता ने शव कुएं में फेंका,

राजेंद्र राठौर
*काकनवानी पुलिस ने मर्ग जांच में किया चौंकाने वाला खुलासा, बेटे की आत्महत्या के बाद शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के उद्देश्य से पिता ने शव कुएं में फेंका, दुर्घटना की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को किया गुमराह*

- बेटे की आत्महत्या को कुएं में डूबने की दुर्घटना दर्शाने के लिए पिता ने शव को घर के पास स्थित कुएं में फेंका।
- मर्ग जांच में सामने आया पूरा घटनाक्रम, मिथ्या साक्ष्य देने पर पिता के विरुद्ध धारा 212 बी.एन.एस. के तहत इस्तगासा तैयार।

झाबुआ। दिनांक 10.10.2026 को चौकी परवलिया, थाना काकनवानी पर सूचनाकर्ता भुन्डा पिता सडिया सिंगाडिया उम्र 55 वर्ष निवासी ग्राम खांदन द्वारा अपने पुत्र बबलू सिंगाडिया उम्र 29 वर्ष के कुएं में मृत अवस्था में मिलने की सूचना दी गई थी। सूचनाकर्ता ने बताया कि उसका पुत्र दिनांक 09.10.2026 को गुजरात के भावनगर से घर आया था। शाम को घर लौटने पर वह घर पर नहीं मिला। अगले दिन सुबह घर के पास स्थित कुएं में उसकी चप्पल दिखाई देने पर तलाश की गई, जहां उसका शव कुएं के पानी में मिला।

सूचना पर मर्ग क्रमांक 57/2026 धारा 194 बी.एन.एस.एस. के तहत पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया। जांच के दौरान मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण फांसी लगाना लेख किया गया। मृतक के माता-पिता एवं पत्नी के कथनों में सामने आया कि घटना दिवस मृतक शराब पीकर घर आया था तथा पत्नी से विवाद के बाद ऊपर वाले कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। बाद में कमरे में नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या करना सामने आया।

मर्ग जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक के पिता भुन्डा सिंगाडिया ने पुत्र द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद उसके शव को कंधे पर उठाकर रात में घर के पास स्थित कुएं में डाल दिया था। इसके बाद सुबह कुएं में शव मिलने की झूठी कहानी गढ़कर ग्रामीणों एवं पुलिस को गुमराह किया तथा चौकी परवलिया में मिथ्या रिपोर्ट दर्ज कराई। इस प्रकार आत्महत्या की वास्तविक घटना को छिपाकर उसे कुएं में डूबने की दुर्घटना दर्शाने का प्रयास किया गया।

मर्ग जांच के दौरान साक्षियों के कथनों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सूचनाकर्ता भुन्डा पिता सडिया सिंगाडिया उम्र 55 वर्ष निवासी ग्राम खांदन के विरुद्ध मिथ्या साक्ष्य देने के संबंध में थाना काकनवानी पर धारा 212 बी.एन.एस. के तहत इस्तगासा तैयार किया गया।

*झाबुआ पुलिस की अपील :*

झाबुआ पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी अप्राकृतिक मृत्यु, दुर्घटना अथवा संदिग्ध घटना की वास्तविक जानकारी पुलिस को दें। किसी भी घटना के तथ्यों को छिपाने, झूठी सूचना देने अथवा पुलिस को गुमराह करने से बचें। शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए गलत जानकारी या मिथ्या साक्ष्य प्रस्तुत करना कानूनन अपराध है। ऐसी घटनाओं में पुलिस निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई करेगी। आमजन पुलिस का सहयोग करें और सत्य जानकारी साझा कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहभागी बनें।

*झाबुआ पुलिस – निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता एवं कानून के प्रति प्रतिबद्ध।*

ख़बर पर आपकी राय