المشاركات

*शासकीय कन्या महाविद्यालय झाबुआ में बाल विवाह निषेध पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। शासकीय कन्या महाविद्यालय झाबुआ में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, रेड रिबन क्लब एवं यूथ रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में बाल विवाह निषेध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने की
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने बाल विवाह निषेध अधिनियम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि विवाह तभी किया जाना चाहिए जब युवक-युवती शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से पूर्णतः परिपक्व हों। उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कुप्रथा शिक्षा, स्वास्थ्य तथा महिलाओं के सशक्तिकरण में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने सभी छात्राओं से अपने परिवार, गांव एवं समाज में बाल विवाह रोकने और लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने छात्राओं को शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, आत्मनिर्भर बनने तथा सही आयु में ही विवाह करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित और सशक्त बेटियां ही समाज एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करती हैं। इस अवसर पर उन्होंने सभी छात्राओं को बाल विवाह रोकने एवं समाज को जागरूक करने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा प्रीतिका चौहान एवं पायल प्रजापत ने बाल विवाह विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। छात्राओं ने बाल विवाह निषेध विषय पर आकर्षक पोस्टर बनाकर एवं निबंध लेखन के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो. विजय कुमार ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. सारिका डुडवे, डॉ. विद्या चौहान, प्रो. सुरेश भूरिया, प्रो. ज्योति भावर, प्रो. सुनीता गहलोत, डॉ. राजेश भावर सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।

ख़बर पर आपकी राय