*उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया सम्मानित, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन; अमरावती (महाराष्ट्र) में करेगा मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व*
झाबुआ। शारदा विद्या मंदिर के प्रतिभाशाली विद्यार्थी हेमांग भूरिया ने अपनी खेल प्रतिभा, कठिन परिश्रम और उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय एवं जिले को गौरवान्वित किया है। शुजालपुर में आयोजित 70वीं SGFI शालेय राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता (अंडर-19) में इंदौर संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए कक्षा 10वीं के विद्यार्थी हेमांग भूरिया ने शानदार प्रदर्शन कर 2 स्वर्ण एवं 2 रजत सहित कुल 4 पदक अपने नाम किए।
हेमांग की इस शानदार उपलब्धि पर मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार द्वारा उन्हें सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ ही हेमांग का चयन राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन अमरावती, महाराष्ट्र में होगा, जहां वे मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शारदा समूह की संचालिका श्रीमती किरण शर्मा, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती दीपशिखा तिवारी एवं उपप्राचार्य श्री मकरंद आचार्य ने हेमांग को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संचालिका श्रीमती किरण शर्मा ने कहा कि, "विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना, उन्हें उचित मंच प्रदान करना और उनकी क्षमताओं को निखारना शारदा विद्या मंदिर की प्राथमिकता है। हेमांग की यह उपलब्धि उसके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा सम्मानित होना तथा राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होना विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। हमें पूर्ण विश्वास है कि हेमांग राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और जिले का नाम रोशन करेगा।"
विद्यालय परिवार ने हेमांग की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हेमांग की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।
