Posts

*आधा गिलास पानी अभियान’ के तहत विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारियाँ तेज, 16 नवंबर को जुटेंगे लगभग 5000 प्रतिभागी*

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। शारदा समूह, झाबुआ एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान तथा सामाजिक महासंघ के सहयोग से आगामी 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को प्रातः 09:00 बजे जल संरक्षण हेतु सामूहिक शपथ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। केशव इंटरनेशनल स्कूल, बाडकुआँ (झाबुआ) में आयोजित होने वाले इस ‘आधा गिलास पानी अभियान’ के माध्यम से ‘Golden Book of World Records’ में नाम दर्ज कराने का ऐतिहासिक लक्ष्य रखा गया है।
शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास एवं जनजातीय नायक  स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के संदेश "जल, जंगल, जमीन हमारा है, हम ही इसकी रक्षा करेंगे!" से प्रेरित इस महाअभियान के प्रमुख उद्देश्य निर्धारित किए गए हैं:
• पानी की अनावश्यक बर्बादी को रोकना।
• विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना।
• परिवार और समाज में जल बचाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना।
• आवश्यकता अनुसार ही जल लेने की आदत का निर्माण करना।
 *आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियाँ और सुव्यवस्थित प्रबंधन:* 
हजारों प्रतिभागियों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए आयोजन स्थल पर युद्धस्तर पर तैयारियाँ चल रही हैं। कार्यक्रम को अनुशासित और सफल बनाने के लिए  सूक्ष्म स्तर पर कार्य विभाजन किया गया है ।
 विशाल मैदान में हजारों विद्यार्थियों और नागरिकों के व्यवस्थित बैठने और खड़े होने के लिए विशेष ग्राउंड लाइनिंग की जा रही है। पूरे परिसर को अलग-अलग ब्लॉक्स और सेक्टरों में बाँटा गया है ताकि विश्व रिकॉर्ड के मानकों के अनुरूप सटीक गणना और अवलोकन हो सके।
: भीड़ प्रबंधन और अनुशासन बनाए रखने के लिए शिक्षकों एवं स्टाफ की ड्यूटी पृथक-पृथक निर्धारित की गई है। प्रत्येक सेक्टर के लिए अलग से प्रभारी शिक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो विद्यार्थियों के प्रवेश, निर्गम और शपथ के दौरान अनुशासन सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त, अतिथियों, मीडियाकर्मियों और आम नागरिकों के लिए भी अलग से बैठने और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
 प्रतिभागियों की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा (मेडिकल टीम), ध्वनि विस्तारक यंत्र (साउंड सिस्टम) और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
आयोजन समिति जिले के सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों से सतत संपर्क कर रही है और आम नागरिकों से अपील की है कि वे "जल बचाएँ, भविष्य बचाएँ" के संकल्प के साथ 16 नवंबर को प्रातः 9 बजे केशव इंटरनेशनल स्कूल, बाडकुआँ पहुँचकर इस ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड के साक्षी बनें।

ख़बर पर आपकी राय