Posts

*भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर 15 नवंबर को झाबुआ जिले में पहुंचेगा नर्मदा का जल, किसानों के लिए ऐतिहासिक सौगात*

राजेंद्र राठौर

*नर्मदा झाबुआ पेटलावद थान्दला सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना 194 ग्रामों के जलदूतों एवं लाभान्वित कृषकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित*
*भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर मां नर्मदा के जल का होगा झाबुआ जिले में आगमन, ग्रामीणों से पारंपरिक रूप से स्वागत एवं जल संरक्षण का मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने किया आह्वान*
झाबुआ। भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को झाबुआ जिले में नर्मदा का जल पहुंचेगा। नर्मदा झाबुआ पेटलावद थान्दला सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के तहत झाबुआ जिले के लाभान्वित 194 ग्रामों के जलदूतों एवं कृषकों के साथ समन्वय बैठक महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के विशेष आतिथ्य में पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम झाबुआ में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। 

महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के पावन अवसर पर मां नर्मदा का जल हमारे झाबुआ जिले में पहुंच रहा है, जो हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने लाभान्वित होने वाले ग्रामवासियों से अपील की कि वे कलश यात्रा एवं पूजा-अर्चना के साथ मां नर्मदा के जल का आत्मीय स्वागत करें।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि इस वर्ष कम वर्षा होने के कारण जिले के तालाब, नदियां एवं अन्य जल स्रोत पर्याप्त रूप से नहीं भर पाए हैं। आने वाले समय में सभी को पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में हमें पानी की एक-एक बूंद बचाने का संकल्प लेना होगा। किसानों को ऐसी फसलों को प्राथमिकता देनी चाहिए, जिनमें कम पानी की आवश्यकता होती है।

उन्होंने कहा कि मां नर्मदा का जल हमारे क्षेत्र को प्राप्त होना सौभाग्य की बात है, लेकिन इस अमूल्य जल का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को मिलकर जल संरक्षण के लिए प्रयास करने होंगे तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई इस महत्वपूर्ण योजना का बेहतर रखरखाव एवं सदुपयोग सुनिश्चित करना होगा।

मंत्री ने आगे कहा कि शासन का प्रयास रहेगा कि योजना से जो गांव अभी लाभान्वित नहीं हो पा रहे हैं, उनका सर्वे करवाकर वहां भी पानी पहुंचाने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों एवं किसानों को इस योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से मां नर्मदा के जल का सम्मान करने, उसका सदुपयोग करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

यह जिले के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। नर्मदा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा। 

इस संबंध में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा उपस्थित लाभान्वित किसानों को परियोजना के महत्व एवं लाभों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि नर्मदा का जल क्षेत्र के किसानों के लिए कृषि विकास की नई संभावनाएं लेकर आएगा।

कलेक्टर ने किसानों से जल संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा कि नर्मदा के जल का उपयोग जिम्मेदारी एवं समझदारी से करें। पानी की प्रत्येक बूंद महत्वपूर्ण है। किसान सिंचाई में जल का मितव्ययितापूर्वक उपयोग करें तथा जल संरक्षण के उपाय अपनाएं। नर्मदा का जल झाबुआ जिले तक पहुंचना जिले के कृषि विकास एवं किसानों की समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने कहा कि हमें पानी की एक-एक बूंद का महत्व समझते हुए उसका संरक्षण करना होगा। मां नर्मदा से प्राप्त जल का सदुपयोग करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए सभी से जल संरक्षण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी  अक्षयसिंह मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मंडलोई, अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं जलदूत उपस्थित रहे।

ख़बर पर आपकी राय