المشاركات

*देवांश डामोर का इंदौर डिविजन अंडर-15 टीम में चयन, 117 रनों की शतकीय पारी बनी सफलता का आधार*

राजेंद्र राठौर
 झाबुआ IDCA द्वारा धार में आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-15 दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले झाबुआ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी देवांश डामोर का चयन इंदौर डिविजन टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से झाबुआ DCA सहित हनुमंत क्रिकेट एकेडमी थांदला में खुशी की लहर है।

उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में धार, झाबुआ, खंडवा, खरगोन एवं अलीराजपुर जिले की टीमों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला धार और खरगोन के बीच खेला गया, जिसमें खरगोन की टीम ने शानदार जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को IDCA द्वारा चयनित कर इंदौर संभाग की डिविजन टीम में शामिल किया जाता है।

झाबुआ और अलीराजपुर के बीच हुए मुकाबले में झाबुआ की ओर से खेलते हुए देवांश डामोर ने अपनी शानदार बल्लेबाजी का परिचय देते हुए 117 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। उनके इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें इंदौर डिविजन टीम में स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवांश डामोर के चयन पर DCA अध्यक्ष अशोक सिन्हा, सचिव नटवर सिंह राठौर सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा उनके कोच विजय मिस्त्री ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इंदौर डिविजन टीम में चयन होने पर देवांश डामोर ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और माता-पिता के आशीर्वाद ओर कोच को दिया। साथ ही देवांश ने ऑब्जर्वर देवेंद्र परमार सर का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

देवांश की इस उपलब्धि से उनके साथी खिलाड़ियों, झाबुआ जिले , एवं हनुमंत क्रिकेट एकेडमी थांदला में उत्साह का माहौल है। यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

ख़बर पर आपकी राय