Posts

*बीए द्वितीय वर्ष एटीकेटी परिणाम में गड़बड़ी: एनएसयूआई झाबुआ ने कुलपति के नाम सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी-एनएसयूआई*

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV), इंदौर द्वारा हाल ही में घोषित किए गए बी.ए. द्वितीय वर्ष एटीकेटी (ATKT) के परीक्षा परिणाम को लेकर छात्र-छात्राओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। परिणाम में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) झाबुआ ने प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झाबुआ) के प्रभारी प्राचार्य को कुलपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
जिसमें  एनएसयूआई जिला अध्यक्ष नरवेश अमलियार एवं छात्र नेता विनोद गणावा का आरोप है कि घोषित परिणाम में अधिकांश विद्यार्थियों को जानबूझकर एटीकेटी पर पुनः एटीकेटी दे दी गई है, जबकि कई ऐसे छात्रों को 'अनुपस्थित' (Absent) दर्शाया गया है जो परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा परिणाम में आई इस बड़ी तकनीकी और मूल्यांकन संबंधी त्रुटि के कारण सैकड़ों विद्यार्थियों का पूरा साल और शैक्षणिक भविष्य बर्बाद होने की आशंका है।
ज्ञापन में की गई मुख्य मांगें:
• बी.ए. द्वितीय वर्ष एटीकेटी परीक्षा की सभी उत्तरपुस्तिकाओं की निष्पक्षता से पुनः जाँच एवं पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) कराया जाए।
• जिन परीक्षार्थियों को अनुपस्थित दिखाया गया है, उनके कॉलेज उपस्थिति रिकॉर्ड की जाँच कर परिणाम को तुरंत सुधारा जाए।
• परिणाम में हुई सभी तकनीकी व मूल्यांकन त्रुटियों को दूर कर संशोधित परीक्षा परिणाम समय-सीमा के भीतर घोषित किया जाए।
• छात्रों को कॉपियों की सत्यापित प्रतिलिपि प्राप्त करने के संबंध में उचित मार्गदर्शन मिले।
उग्र आंदोलन की चेतावनी:
NSUI के पदाधिकारियों ने महाविद्यालय प्रशासन के माध्यम से विश्वविद्यालय को सचेत किया है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर छात्रों की समस्याओं का निराकरण कर कॉपियों की दोबारा जाँच नहीं की गई, तो संगठन छात्रों के हित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस आंदोलन से उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून व्यवस्था या स्थिति की समस्त जिम्मेदारी विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन की होगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में प्रभावित छात्र-छात्राएं और NSUI के कार्यकर्ता उपस्थित रहे_सूर्या डामोर, कांतिलाल भूरिया, आशा बिलावल, जयदीप धमनियां, रिआंशु, भावेश डामोर, राजेश, मनीष, करण, विनोद एवं आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ख़बर पर आपकी राय