झाबुआ। इंदौर पब्लिक स्कूल, झाबुआ कैंपस के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय शतरंज एवं कराटे प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया।
शतरंज प्रतियोगिता की अंडर-14 श्रेणी में विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा वेदिका पाटीदार ने विजेता बनकर अपनी बौद्धिक क्षमता और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया।
वहीं, कराटे प्रतियोगिता में अंडर-14 एवं अंडर-17 वर्ग के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की। इनमें हृद्यांश राठौर, प्रयाग चौहान, निलय सक्सेना, रौनक चौहान, भविष्य बिलवाल, अमित सिंह चौहान और हर्षवर्धन राठौर शामिल हैं। अंडर -17 वर्ग में जैनिश पटेल एवं तेजल सोलंकी ने भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
जिला स्तर पर विजेता रहे विद्यार्थियों ने आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय की उप-प्राचार्या श्रीमती दीपिका श्रीवास्तव ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के खेल शिक्षक मोनिश कुमार एवं गौरव शर्मा का भी विद्यार्थियों की इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण एवं निरंतर प्रोत्साहन से विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा को निखारते हुए जिला स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल की और संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं खेल शिक्षकों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।
