Posts

सेवा संकल्प अभियान 2026 की जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में इंदौर पब्लिक स्कूल , झाबुआ के विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। इंदौर पब्लिक स्कूल, झाबुआ कैंपस के विद्यार्थियों ने विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल एवं प्रोटोटाइप निर्माण प्रतियोगिता तथा विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।

यह प्रतियोगिता 15 अक्टूबर 2026 को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, झाबुआ, मध्य प्रदेश के तत्वावधान में डॉ. ए.पी.जे अब्दुल कलाम विश्वविद्यालय प्रौद्योगिकी संस्थान (UIT) झाबुआ, में आयोजित की गई। इसमें कक्षा 9वीं के आरव मेहता एवं कक्षा 8वीं के अक्ष अग्रवाल ने अपने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, इस सफलता में योगदान देने वाले मार्गदर्शक शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रयासों की भी सराहना की।

विद्यालय की उप-प्राचार्या श्रीमती दीपिका श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करती हैं। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेगी।

इंदौर पब्लिक स्कूल, झाबुआ कैंपस अपने विद्यार्थियों को रचनात्मकता, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

ख़बर पर आपकी राय