Posts

*ग्रीन गणेश जागरूकता अभियान के तहत इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशाला आयोजित*

राजेंद्र राठौर
शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, इको क्लब एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संयुक्त तत्वावधान में ग्रीन गणेश जागरूकता अभियान के अंतर्गत इको-फ्रेंडली मिट्टी की गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी के निर्देशन एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। डॉ. प्रकाश अलंसे ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा ऐसे आयोजन छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करते हैं। मुख्य अतिथि एवं प्रशिक्षक श्रीमती भारती सोनी ने छात्राओं को सरल विधि से मिट्टी की आकर्षक गणेश प्रतिमा बनाना सिखाते हुए भारतीय संस्कृति, संस्कार और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
प्रांत मंत्री दर्शन कहार ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर अपने जीवन में छोटे-छोटे प्रयास करे तो हमारी धरती हरी-भरी और प्रदूषणमुक्त बन सकती है। प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं के स्थान पर मिट्टी की इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं अपनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाएँ।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराया गया तथा विकसित भारत यंग लीडर क्विज प्रतियोगिता में सहभागिता सुनिश्चित कराई गई। कार्यक्रम में श्रीमती ज्योति त्रिवेदी, डॉ. सारिका डुडवे, प्रो. विजय कुमार, प्रो. सुरेश भूरिया, प्रो. ज्योति भावर, डॉ. वंदना मंडलोई सहित बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता रही।

ख़बर पर आपकी राय