Posts

UPSC CAPF-2025 में ऑल इंडिया रैंक 55 प्राप्त करने वाले राजवीर सिंह पंवार का कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मान

राजेंद्र राठौर
*असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर चयनित राजवीर की उपलब्धि जनजातीय अंचल के युवाओं के लिए प्रेरणादायी*

झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक  देवेंद्र पाटीदार ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित CAPF-2025 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 55 प्राप्त करने वाले झाबुआ के  राजवीर सिंह पंवार का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया। उन्होंने राजवीर को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
 
 राजवीर सिंह पंवार ने UPSC CAPF-2025 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 55 प्राप्त कर असिस्टेंट कमांडेंट (ग्रुप ‘ए’ राजपत्रित अधिकारी) के पद हेतु चयनित होकर झाबुआ जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि राजवीर सिंह पंवार की यह उपलब्धि झाबुआ जिले, विशेषकर जनजातीय अंचल के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रतिभा किसी क्षेत्र अथवा संसाधन की मोहताज नहीं होती। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के साथ प्रयास किए जाएं तो देश की प्रतिष्ठित सेवाओं में स्थान प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राजवीर की सफलता जिले के युवाओं में आत्मविश्वास पैदा करेगी और उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। राजवीर ने शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, जो उनके अनुशासन एवं समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय बहुल झाबुआ जिले के युवाओं का राष्ट्रीय स्तर की सेवाओं में आगे बढ़ना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। जिले के युवा राजवीर की सफलता से प्रेरणा लेकर अपनी क्षमताओं पर विश्वास करें, उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं और ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करें।

राजवीर सिंह पंवार,  यशवंत सिंह पंवार एवं श्रीमती रंजीता पंवार के पुत्र हैं। उन्होंने कक्षा 9वीं तक की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय झाबुआ से प्राप्त की। इसके पश्चात उनकी आगे की शिक्षा इंदौर में हुई। प्रारंभ से ही पढ़ाई के साथ खेलों में भी उनकी विशेष रुचि रही है।
 
राजवीर सिंह पंवार टेबल टेनिस के उत्कृष्ट खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के अनेक टेबल टेनिस टूर्नामेंट में सहभागिता की है और कई खिताब भी अपने नाम किए हैं। शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां युवाओं के लिए अनुशासन, निरंतरता और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।

           उल्लेखनीय है कि  राजवीर सिंह पंवार इससे पूर्व भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी चयन से जुड़ी प्रतिष्ठित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) तथा भारतीय वायुसेना की एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT) परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं।
 
 राजवीर सिंह पंवार की यह उपलब्धि झाबुआ जिले के लिए गौरव का विषय होने के साथ ही जनजातीय अंचल के विद्यार्थियों एवं युवाओं को यह संदेश देती है कि सतत परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सेवाओं में सफलता प्राप्त की जा सकती है।

ख़बर पर आपकी राय