Posts

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर राष्ट्रीय सेवा योजना का अभिमुखीकरण एवं 'ज्वाइन एनएसएस विद माई भारत' कार्यक्रम आयोजित

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई तथा रेड रिबन क्लब द्वारा अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर "ज्वाइन एनएसएस विद माई भारत" विषयक अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी के निर्देशन एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना से जोड़कर उनमें सेवा, नेतृत्व, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। एनएसएस स्वयंसेवी छात्राओं ने अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया। प्रीतिका, दीपशिखा एवं सेजल ने प्रेरणादायी लक्ष्य गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को ऊर्जावान वातावरण प्रदान किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी ने छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के ध्येय वाक्य "स्वयं से पहले आप" का महत्व बताते हुए कहा कि एनएसएस केवल एक योजना नहीं, बल्कि शिक्षा और समाज सेवा का सशक्त संगम है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है। उन्होंने नवप्रवेशित छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में एनएसएस से जुड़कर समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सारिका डुडवे ने राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों, उद्देश्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी देते हुए छात्राओं को एनएसएस से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक समस्याओं से परिचित कर उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम है। एनएसएस के माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास होता है, जो उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक सिद्ध होता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं का माई भारत पोर्टल पर पंजीयन कराया गया तथा निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। साथ ही हरियाली अमावस्या के अवसर पर भारतीय स्त्री शक्ति के सौजन्य से महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो. विजय कुमार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. सुरेश भूरिया, प्रो. ज्योति भावर, डॉ. वंदना मंडलोई सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।

ख़बर पर आपकी राय