المشاركات

स्वच्छता ही सेवा का संदेश: कलेक्टर कार्यालय परिसर में अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया श्रमदान

राजेंद्र राठौर

*स्वच्छ, सुंदर एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति के निर्माण का लिया संकल्प*
झाबुआ। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं स्वच्छ कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर झाबुआ में विशेष स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई की तथा स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर कार्यालय परिसर की सफाई की। इसके पश्चात उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने अपने कार्यस्थल एवं आसपास के वातावरण को सदैव स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण न केवल कार्य क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में भाग लें तथा सप्ताह में कुछ समय श्रमदान के लिए अवश्य समर्पित करें।
कलेक्टर ने कहा कि जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छता के लक्ष्य को स्थायी रूप से प्राप्त किया जा सकता है। स्वच्छता के प्रति व्यक्तिगत जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर और विकसित समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।

ख़बर पर आपकी राय