المشاركات

*अपराधियों पर शिकंजा कसने रातभर सड़कों पर उतरी झाबुआ पुलिस, जिलेभर में चला व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान*

राजेंद्र राठौर
* 150 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की संयुक्त कार्रवाई।
* 19 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, जिनमें 05 इनामी वारंटी शामिल; कुल 4500 रुपये के इनामी वारंटियों को पकड़ा।
* 06 गिरफ्तारी वारंट तामील, 02 आबकारी एक्ट के प्रकरण दर्ज।
* 77 गुंडा बदमाश, 10 संपत्ति संबंधी, 80 निगरानी बदमाशों की चेकिंग कर गतिविधियों का किया सत्यापन।
झाबुआ। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, फरार अपराधियों की धरपकड़ करने तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में रात्रिकालीन विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पूरी रात चले इस अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ सक्रिय होकर फरार अपराधियों, स्थायी वारंटियों, गिरफ्तारी वारंटियों, निगरानी बदमाशों एवं अन्य वांछित आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर सघन कार्रवाई की।

इस व्यापक अभियान में 03 राजपत्रित अधिकारियों सहित 150 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 19 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 05 इनामी स्थायी वारंटी शामिल हैं। जिन पर कुल 4500 रुपये का इनाम घोषित था। इसके अतिरिक्त 06 गिरफ्तारी वारंटों की तामील कर वारंटियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिलेभर में 77 गुंडा बदमाशों एवं 80 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई। साथ ही संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त 10 अपराधियों का सत्यापन किया गया। पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करते हुए आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।

अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 02 प्रकरण दर्ज किए गए। इस प्रकार पुलिस ने वारंटियों की धरपकड़ के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर भी प्रभावी कार्रवाई की।

झाबुआ पुलिस द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, फरार अपराधियों एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों में कानून का भय कायम करने के लिए इस प्रकार के विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

ख़बर पर आपकी राय