المشاركات

*बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं को दिलाई शपथ*

राजेंद्र राठौर
*बाल विवाह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य में बाधक – कलेक्टर*
झाबुआ। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत विकासखंड पेटलावद के भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करवड़ में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह विरोधी शपथ दिलाई।

इस अवसर पर कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए बाल विवाह के दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ ही कानूनी अपराध भी है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा बाधित होती है तथा उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विशेष रूप से बालिकाओं में कम उम्र में गर्भधारण करने से कुपोषण, एनीमिया, मातृ एवं शिशु मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है। बाल विवाह बच्चों के आत्मनिर्भर बनने एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी बाधक है।

कलेक्टर ने कहा कि बालिकाओं के विवाह की न्यूनतम वैधानिक आयु 18 वर्ष तथा बालकों की 21 वर्ष है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपनी शिक्षा पूर्ण करने, आत्मनिर्भर बनने एवं जीवन में निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी बाल विवाह के दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक करने की अपील की। साथ ही बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन अथवा संबंधित विभाग को सूचित करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह का विरोध करने, इसकी रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद श्रीमती रीतिका पाटीदार, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री मोनिका बघेल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

ख़बर पर आपकी राय