Posts

*शासकीय कन्या महाविद्यालय झाबुआ में संविधान दिवस पर संविधान के आदर्शों का लिया संकल्प*

राजेंद्र राठौर
झाबुआ, 26 नवंबर। शासकीय कन्या महाविद्यालय झाबुआ में यूथ रेड क्रॉस, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ तथा भारतीय स्त्री शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने की। मुख्य अतिथि दिनेश देवड़ा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाबुआ तथा विशिष्ट अतिथि जयदीप माणिक, जिला विधिक सहायता अधिकारी एवं श्रीमती अर्चना सिसोदिया, जिला अध्यक्ष, भारतीय स्त्री शक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सभी अतिथियों का राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) बैज लगाकर स्वागत करने के साथ हुआ। कार्यक्रम की रूपरेखा डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने प्रस्तुत की, जबकि भारतीय स्त्री शक्ति का परिचय श्रीमती पूजा माथुर ने दिया। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन किया।
मुख्य वक्ता जयदीप माणिक ने संविधान की उद्देशिका में निहित प्रत्येक शब्द के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय तथा समान अवसर प्रदान करता है। उन्होंने छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 के उपयोग के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि दिनेश देवड़ा ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित एवं अत्यंत लचीला संविधान है। उन्होंने छात्राओं से अधिकारों के साथ-साथ अपने मौलिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय स्त्री शक्ति एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संविधान एवं विधिक अधिकारों पर रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। छात्राओं ने संविधान, संवैधानिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी प्राप्त कर उत्साह व्यक्त किया।
अंत में प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने सभी को संविधान की शपथ दिलाई। अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन से आए दिनेश पटेल द्वारा संविधान पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका छात्राओं ने अवलोकन किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती अर्चना सिसोदिया ने किया। कार्यक्रम में डॉ. विद्या चौहान, प्रो. विजय कुमार, श्रीमती वंदना नायर, श्रीमती शोभा राठौर, श्रीमती कमला सोलंकी सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।

ख़बर पर आपकी राय