*न्यू कैथोलिक मिशन स्कूल में विद्यार्थियों को बाल विवाह रोकथाम, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध एवं नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक*
झाबुआ। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाबुआ द्वारा 27 नवम्बर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय बाल, अल्पायु एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर न्यू कैथोलिक मिशन स्कूल, झाबुआ में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दिनेश देवड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी जयदेव माणिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सचिव दिनेश देवड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति है, जो बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करती है। उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह करना एवं करवाना कानूनन अपराध है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने, सुरक्षित वातावरण में रहने तथा सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं बाल विवाह नहीं करेंगे तथा अपने परिवार एवं समाज में भी बाल विवाह रोकने के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं समान अधिकारों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
देवड़ा ने पॉक्सो अधिनियम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने के लिए यह कानून बनाया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान, किसी भी अनुचित व्यवहार का विरोध करने तथा ऐसी घटना होने पर बिना डर एवं संकोच के अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी जयदेव माणिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने की समझाइश दी। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल एवं इंटरनेट का असावधानीपूर्वक उपयोग साइबर अपराधों का कारण बन सकता है। उन्होंने अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। जयदेव माणिक ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा एवं सामाजिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करता है। विशेषकर युवावस्था में नशे की लत भविष्य को अंधकारमय बना सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को तंबाकू, गुटखा, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने तथा अपने मित्रों एवं परिवारजनों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशामुक्त रखकर ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
शिविर के दौरान सचिव दिनेश देवड़ा एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी जयदेव माणिक द्वारा विद्यार्थियों को बाल विवाह नहीं करने, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने तथा अपने आसपास के लोगों को इसके विरुद्ध जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करने, नशे से सदैव दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की शपथ दिलाई गई।
शिविर का संचालन शिक्षक सुनिल पंवार ने किया। शिविर में उप-प्राचार्य सिस्टर सुदीपा, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।