المشاركات

*नवाणु यात्रा के 22 तपस्वियों का श्री संघ एवं चातुर्मास समिति ने किया भव्य बहुमान*

राजेंद्र राठौर
*सिद्धाचल तीर्थ की यात्रा मोक्ष प्रदायक होती है, तीर्थ यात्रा से कर्मों का क्षय होकर जीव मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर होता है – साध्वी श्री अविचलद्रष्टा श्री जी*
झाबुआ। धर्मनगरी झाबुआ में तप, त्याग और धर्म आराधना की अनुपम परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री सिद्धाचल तीर्थ स्वरूप श्री ऋषभदेव बावन जिनालय से श्री पुंडरीक स्वामी गणधर मंदिर एवं प्राचीन दादावाड़ी की 99 नवाणु यात्रा की भव्य पूर्णाहुति संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर पूज्य साध्वी भगवंत श्री अविचलद्रष्टा श्री जी महाराज साहेब आदि ठाणा की पावनकारी निश्रा में 99 यात्रा पूर्ण करने वाले सभी 22 तपस्वियों का श्री संघ एवं चातुर्मास समिति की ओर से बावन जिनालय उपाश्रय में भव्य बहुमान एवं अभिनंदन किया गया। बहुमान का लाभ मधुकर जी निशान शाह परिवार ने लिया।

श्री संघ के रिंकू रुनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बावन जिनालय में चातुर्मास के अंतर्गत पुण्य सम्राट श्रीमद् विजय जयन्तसेन सूरीश्वर जी महाराज साहेब के पट्टधर, गच्छाधिपति आचार्य श्री नित्यसेन सूरीश्वर जी म.सा.की आज्ञानुवर्तिनी साध्वी श्री अविचलद्रष्टा श्री जी म.सा. की प्रेरणा एवं पावनकारी निश्रा में दिनांक 13 नवंबर से 10 दिवसीय 99 नवाणु यात्रा का आयोजन किया गया था।

इस धार्मिक आराधना में कुल 22 तपस्वियों ने प्रतिदिन 10 यात्रा के साथ उपवास एवं एकाशने जैसी कठिन तपस्याएं करते हुए अपनी 99 यात्रा पूर्ण की। तपस्वियों की इस कठिन तपस्या, अटूट श्रद्धा, संयम और धर्म के प्रति समर्पण की समाजजनों ने मुक्त कंठ से अनुमोदना की।

*सिद्धाचल तीर्थ की यात्रा मोक्ष प्रदायक होती है – साध्वी श्री*

इस अवसर पर पूज्य साध्वी श्री अविचलद्रष्टा श्री जी महाराज साहेब ने तीर्थ की महिमा का वर्णन करते हुए फरमाया कि श्री सिद्धाचल तीर्थ अनंत सिद्ध भगवंतों की पावन भूमि है। इस पवित्र तीर्थ की स्पर्शना एवं यात्रा करने से जीव के कर्मों का क्षय होता है और वह शाश्वत सुख की प्राप्ति की दिशा में अग्रसर होता है। तीर्थ यात्रा आत्मा को निर्मल बनाने, समकित को दृढ़ करने तथा हृदय में परमात्मा के प्रति सच्ची श्रद्धा एवं समर्पण के भाव जागृत करने का श्रेष्ठ माध्यम है। तीर्थ यात्रा केवल पैरों से नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और आत्मिक भावना से की जाती है। ऐसी आराधना जीव को मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर करती है।

*22 तपस्वियों ने पूर्ण की नवाणु यात्रा*

इस कठिन धार्मिक आराधना में उत्कृष्ट तपस्वी श्रावक रत्न धर्मचंद जी मेहता ने वर्षीतप की कठिन तपस्या के साथ नवाणु यात्रा पूर्ण की।

वहीं तपस्वी श्राविकाओं में श्रीमती स्वाति संघवी, प्रेमलता पोरवाल, सरोज सकलेचा, शीला कटारिया, प्रेमलता संघवी, शोभा कांकरेचा, अनुपमा मेहता, उषा बाठिया, शकुंतला रुनवाल, मोना रुनवाल, इंदिरा वागरेचा, हिमानी वागरेचा, पुष्पा नाहटा, रेखा कटारिया, मंजू लोढ़ा, प्रतिभा रुनवाल, शीला संघवी, रीता राठौर, सोना कटकानी, संगीता संघवी एवं प्रतिभा भंडारी ने अपनी तपस्या एवं दृढ़ संकल्प के साथ 99 नवाणु यात्रा पूर्ण की।

सभी 22 तपस्वियों का बहुमान एवं अभिनंदन बहुमान के लाभार्थी मधुकर जी निशान शाह, पूजा शाह एवं किरण मेहता द्वारा किया गया।

*दादा गुरुदेव की अष्टधातु प्रतिमा भेंट कर किया सम्मान*

कार्यक्रम में श्री संघ एवं चातुर्मास समिति की ओर से 99 यात्रा पूर्ण करने वाले सभी तपस्वियों को दादा गुरुदेव की अष्टधातु निर्मित प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान तपस्वियों के त्याग, तपस्या एवं धर्म के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उपस्थित समाजजनों ने अनुमोदना की।

इस गरिमामय एवं भक्तिमय आयोजन में बड़ी संख्या में श्री संघ के श्रावक-श्राविकाएं एवं समाजजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में धर्ममय वातावरण बना रहा तथा तपस्वियों की अनुमोदना से बावन जिनालय का प्रांगण भक्तिभाव से गूंज उठा।

ख़बर पर आपकी राय