المشاركات

*आधा गिलास पानी अभियान को मिल रहा समाज संगठनों ,होटल- रेस्तरां व्यवसायियों और शैक्षणिक संस्थाओं का व्यापक समर्थन 16 नवंबर को बाडकुआँ में बनेगा विश्व रिकॉर्ड*

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। जल संरक्षण की दिशा में शारदा समूह, झाबुआ और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली द्वारा सामाजिक महासंघ के सहयोग से चलाए जा रहे 'आधा गिलास पानी अभियान' को जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, होटल-रेस्तरां व्यवसायियों और शैक्षणिक संस्थाओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है। पानी की बर्बादी रोकने के इस सरल लेकिन प्रभावी विचार को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सभी वर्ग एकजुट होकर आगे आए हैं।
अभियान के तहत होटलों, रेस्तरां, स्कूल-कॉलेजों और सामाजिक कार्यक्रमों में मेहमानों को शुरुआत में केवल आधा गिलास पानी परोसने की पहल की जा रही है, ताकि गिलास में बचे हुए पानी को व्यर्थ फेंकने से रोका जा सके। जिले के कई प्रतिष्ठानों सामाजिक संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों से शारदा समूह  के विद्यार्थियों ओर शिक्षकों ने  आधा गिलास पानी अभियान  को लेकर चर्चा की एवं जल का महत्व समझाया जिससे प्रेरित होकर सभी ने उक्त व्यवस्था को अपनाने की सहमति प्रदान की, वहीं बड़ी संख्या में व्यापारी आगामी 16 नवंबर के मुख्य आयोजन से प्रेरित होकर इसे लागू करने की तैयारी कर रहे है।
• *होटल एवं रेस्तरां व्यवसायियों की पहल* : शहर और जिले के प्रमुख होटलों और रेस्तरां संचालकों ने अपनी टेबल पर 'आधा गिलास पानी' के जागरूकता स्टिकर लगाने और ग्राहकों को पहले आधा गिलास पानी परोसने का निर्णय लिया है।
• *शैक्षणिक संस्थाओं की भागीदारी:* विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों के भीतर जल संरक्षण की जिम्मेदारी विकसित की जा रही है। छात्र अपने परिवार और आसपास के समाज में भी आवश्यकता अनुसार पानी लेने की आदत डालने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
• *सामाजिक महासंघ एवं संगठनों का संकल्प:* सामाजिक महासंघ सहित स्थानीय समाज संगठनों ने निर्णय लिया है कि आगामी विवाह समारोहों, बैठकों और सार्वजनिक आयोजनों में पानी की बर्बादी रोकने के लिए इस अभियान को सख्ती से लागू किया जाएगा। 

 *. होटल व्यवसायियों  की ओर से प्रतिक्रिया* 
"अक्सर देखा जाता है कि ग्राहक पूरा गिलास पानी लेने के बाद थोड़ा सा पीकर बाकी छोड़ देते हैं, जिसे हमें फेंकना पड़ता है। शारदा समूह के 'आधा गिलास पानी अभियान' से जुड़कर हमने अपने होटल में इसकी शुरुआत करेंगे और रोजाना सैकड़ों लीटर पानी की बर्बादी रोकेंगे। निश्चित ही ग्राहकों को भी हमारा यह प्रयास काफी पसंद आएगा ।"
— , अशोक जैन संचालक होटल अशोका

"होटल  व्यवसाय में पानी की खपत सबसे अधिक होती है। 16 नवंबर को बाडकुआँ में होने वाले सामूहिक शपथ और विश्व रिकॉर्ड के इस महाअभियान से प्रभावित होकर हमने तय किया है कि हम भी अपने प्रतिष्ठान में 'आधा गिलास पानी' की व्यवस्था लागू करेंगे। यह समाज के हित में एक बेहतरीन पहल है।"
— कनकमल कटकानी संचालक, सत्कार होटल

"हमारे रेस्तरां में प्रतिदिन बड़ी संख्या में परिवार और युवा भोजन के लिए आते हैं। शारदा समूह की इस मुहिम से प्रेरित होकर हम अपने रेस्तरां की हर टेबल पर 'आधा गिलास पानी' का नियम लागू करने जा रहे हैं और वेटरों को भी इसके लिए प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि पानी की एक भी बूंद व्यर्थ न जाए।"
— पुष्कर शर्मा  संचालक, ग्रैंड 90'S    
 *सामाजिक संगठन की ओर से प्रतिक्रिया* 
"भगवान बिरसा मुंडा ने हमें जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने की सीख दी है। सामाजिक महासंघ के सभी सदस्यों ने संकल्प लिया है कि किसी भी सामाजिक या पारिवारिक आयोजन में पानी की बर्बादी नहीं होने देंगे। 16 नवंबर का आयोजन झाबुआ के लिए गौरव का क्षण होगा।"
— डॉक्टर नीरज राठौड़ अध्यक्ष, सामाजिक महासंघ

आयोजक शारदा समूह, झाबुआ एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली ने जिले के सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की है कि वे "जल बचाएँ, भविष्य बचाएँ" के संकल्प के साथ अपने दैनिक जीवन में 'आधा गिलास पानी' के सिद्धांत को अपनाएं और 16 नवंबर को होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बने।

ख़बर पर आपकी राय