वासक्षेप पूजा, दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं आरती के साथ हुआ आयोजन
आचार्य भगवंत गुणों के भंडार थे, उनके गुणों को हमें अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए – साध्वी श्री अविचलद्रष्टा श्रीजी
झाबुआ। स्थानीय जैन तीर्थ श्री ऋषभदेव बावन जिनालय पर पूज्य आचार्य भगवंत श्रीमद् विजय तीर्थेंद्रसूरीश्वरजी महाराज साहेब की 135वीं जन्म जयंती श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर अत्र विराजित पूज्य साध्वी श्री अविचलद्रष्टा श्रीजी महाराज साहेब आदि ठाणा-7 की पावनकारी निश्रा में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जन्म जयंती के अवसर पर गुरुदेव के चित्र पर वासक्षेप पूजा, दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं आरती कर गुरु भक्ति प्रकट की गई। साथ ही श्री संघ की ओर से भव्य गुणानुवाद सभा का आयोजन किया गया, जिसमें गुरुदेव के जीवन, तप, त्याग, संयम एवं धर्म प्रभावना के कार्यों का स्मरण कर उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
श्री संघ के रिंकू रूनवाल ने बताया कि प्रातः 8 बजे श्री ऋषभदेव बावन जिनालय में आयोजित कार्यक्रम में माल्यार्पण का लाभार्थी बनने का सौभाग्य सुरेंद्र कुमार उदेलालजी कांठी परिवार को प्राप्त हुआ। दीप प्रज्ज्वलन का लाभ श्रीमती समता संजयजी कांठी परिवार ने लिया। गुरुदेव के चित्र पर वासक्षेप पूजा अनिल कुमार, सुनील कुमार मोहनलालजी राठौड़ परिवार द्वारा की गई। वहीं गुरुदेव की मंगल आरती उतारने का लाभ श्रीमती मनोरमादेवी न्यायसिंधुजी कोठारी परिवार ने लिया। श्री संघ के वरिष्ठ श्रावकरत्न धर्मचंद मेहता ने गुरु वंदन की विधि संपन्न कराई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन एवं गुरुभक्त उपस्थित रहे।
गुणानुवाद सभा में साध्वीजी ने किया गुरुदेव के गुणों का स्मरण
श्री संघ की ओर से आयोजित गुणानुवाद सभा में पूज्य साध्वी श्री अविचलद्रष्टा श्रीजी म.सा. ने आचार्य भगवंत के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूज्य आचार्य श्री अनेक गुणों के भंडार थे। वे सदैव तप, जप एवं ध्यान की साधना में लीन रहते थे। उनका संपूर्ण जीवन धर्म, संयम, साधना एवं आत्मकल्याण की प्रेरणा देने वाला था। हमें केवल उनके गुणों का स्मरण ही नहीं करना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों एवं सद्गुणों को अपने जीवन में उतारने का भी प्रयास करना चाहिए। यही गुरुदेव के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर श्री संघ अध्यक्ष संजय मेहता एवं वरिष्ठ परम गुरुभक्त अशोक राठौर ने भी आचार्य भगवंत द्वारा झाबुआ एवं पारा नगर व श्री संघ पर किए गए अनेक उपकारों का स्मरण करते हुए भावपूर्ण गुणानुवाद किया। कार्यक्रम में प्रभावना का लाभ अशोक राठौर परिवार द्वारा लिया गया।
श्री गोड़ी पार्श्वनाथ मंदिर किशनपुरी में भी मना जन्मोत्सव
आचार्य श्री तीर्थेंद्रसूरी समिति के वरिष्ठ केलाश सकलेचा ने बताया कि पूज्य आचार्य श्री की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में श्री गोड़ी पार्श्वनाथ मंदिर, किशनपुरी में भी प्रातः 10 बजे पूज्य साध्वीजी भगवंत की पावन निश्रा में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी गुरुदेव के चित्र पर वासक्षेप पूजा, दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं आरती कर गुरु भक्ति की गई।
आचार्य श्री तीर्थेंद्र सूरी समिति की ओर से गुणानुवाद सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पूज्य साध्वीजी भगवंत के मंगल प्रवचन हुए। कार्यक्रम के पश्चात श्री संघ की नवकारसी का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में गुरुभक्त एवं समाजजन सम्मिलित हुए।
अष्टप्रकारी पूजन के साथ गुरु भक्ति की आराधना
जन्म जयंती के उपलक्ष्य में गोडीजी तीर्थ पर दोपहर 2 बजे आचार्य भगवंत श्री तीर्थेंद्रसूरीश्वरजी की अष्टप्रकारी पूजन का आयोजन किया गया। पूजन श्री हेमेंद्रसूरी महिला मंडल द्वारा पढ़ाई गई। पूजन का लाभ लेने का सौभाग्य वागोड़ा निवासी सा. सुमेरुमल सरेमल बंदामुथा परिवार को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला मंडल की बहनें उपस्थित रहीं।
इस प्रकार आचार्य भगवंत श्री तीर्थेंद्रसूरीश्वरजी महाराज साहेब की 135वीं जन्म जयंती पर झाबुआ के विभिन्न जिनालयों में गुरु भक्ति, गुणानुवाद एवं धार्मिक आराधना के माध्यम से गुरुदेव के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। समस्त आयोजन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुए।
