Posts

*शरद पूर्णिमा की चाँदनी में सजा ‘रंगताली’, केशव इंटरनेशनल स्कूल में गरबा उत्सव की धूम*

राजेंद्र राठौर
माँ दुर्गा की आराधना से हुआ शुभारंभ, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने पारंपरिक गरबा से सजाई सांस्कृतिक संध्या

झाबुआ। शरद पूर्णिमा की मनमोहक चाँदनी और भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा के बीच केशव इंटरनेशनल स्कूल, झाबुआ में अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के लिए ‘रंगताली’ गरबा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। पूर्णिमा के पूर्ण चंद्रमा की उज्ज्वल आभा ने इस सांस्कृतिक संध्या को और भी विशेष बना दिया। परंपरा, उल्लास और पारिवारिक आत्मीयता से सजे इस आयोजन में सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ दुर्गा की विधिवत आरती एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के नवनिर्मित ‘हिलटॉप टर्फ’ से अभिभावकों को परिचित कराया गया। विद्यालय की इस नई खेल सुविधा को देखकर उपस्थित अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।

इसके बाद गरबा की पारंपरिक धुनों के साथ सांस्कृतिक संध्या ने उत्सव का रूप ले लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने गरबा के मनमोहक कदमों के साथ वातावरण को आनंद और उमंग से भर दिया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को उनके पारंपरिक परिधानों, आकर्षक वेशभूषा एवं गरबा नृत्य में उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय परिसर को विशेष रूप से आकर्षक एवं पारंपरिक शैली में सजाया गया था। इस भव्य सजावट को साकार करने में आशीष पांडे के साथ  शिक्षकों और विद्यार्थियों की टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन गरिमा शर्मा एवं पूजा सोनी ने किया।

इस अवसर पर विद्यालय की संचालिका श्रीमती किरण शर्मा, मयंक रूनवाल, श्रीमती निधिता रूनवाल, श्रीमती खुशी शर्मा, शारदा समूह के सीईओ, अकादमिक डायरेक्टर सतीश निरंजनी, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती शालू जैन एवं उप-प्राचार्य जितेंद्र खतेड़िया सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस आयोजन ने विद्यालय और अभिभावकों के बीच आत्मीय संबंधों को प्रगाढ़ करने के साथ ही भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का सुंदर संदेश दिया।

ख़बर पर आपकी राय