*विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई हिंदी भाषा के प्रति प्रतिभा एवं अनुराग*
झाबुआ। वयं गुरुकुलम् विद्यालय में हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों में रुचि, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया गया। पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
विद्यालय के विभिन्न सेक्शनों में निबंध लेखन, भाषण, तात्कालिक भाषण, कविता पाठ, दोहा एवं शुद्ध लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सह-संयोजक एवं विद्यालय के संचालक श्री ओम शर्मा ने कहा कि, “हिंदी केवल हमारी भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और विचारों की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति गौरव एवं आत्मीयता का भाव विकसित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। भाषा जितनी समृद्ध होगी, हमारी सांस्कृतिक जड़ें उतनी ही मजबूत होंगी।”
उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा अपने दैनिक जीवन में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती दीपशिखा तिवारी एवं उपप्राचार्य श्री मकरंद आचार्य के मार्गदर्शन में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित सभी प्रतियोगिताएँ सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा।
