المشاركات

कौशल विकास गतिविधि में निखरी विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा, प्राकृतिक मिट्टी से बनाई सुंदर गणेश प्रतिमा

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। इंदौर पब्लिक स्कूल, झाबुआ कैंपस में कौशल विकास गतिविधि के तहत कक्षा IX के विद्यार्थियों के लिए प्राकृतिक मिट्टी से भगवान गणेश की प्रतिमा बनाने की रचनात्मक गतिविधि आयोजित की गई। यह गतिविधि  विद्यालय की शिक्षिका सुश्री अन्वेन्षा पटेल के मार्गदर्शन में हुई, जिसमें पूरे स्टाफ ने भी सहयोग प्रदान किया।
विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और प्राकृतिक मिट्टी को अलग-अलग तरीकों से आकार देकर सुंदर गणेश प्रतिमाएं बनाईं। इस दौरान उन्होंने मिट्टी चुनने, आकार देने, गढ़ने, बारीक काम करने और प्रतिमा को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया को करीब से समझा। इस गतिविधि से बच्चों की रचनात्मकता, धैर्य, बारीकी से काम करने की आदत और हुनर के प्रति सम्मान बढ़ा।
इस मौके पर विद्यालय की उप प्राचार्या श्रीमती दीपिका श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा निखरती है और वे भारतीय कला एवं संस्कृति से भी जुड़ते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लगातार नई चीजें सीखने और अपनी प्रतिभा को कौशल में बदलने के लिए प्रेरित किया।
प्राकृतिक सामग्री का इस्तेमाल करके विद्यार्थियों ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता और पारंपरिक शिल्पकला का महत्व भी समझा। विद्यालय की यह पहल ‘करके सीखने’ की सोच को बढ़ावा देते हुए बच्चों के लिए ज्ञान, कौशल और संस्कृति से जुड़ा एक यादगार अनुभव बनी।

ख़बर पर आपकी राय