Posts

*500 दीपों की रोशनी के साथ शासकीय कन्या महाविद्यालय झाबुआ में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ*

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। शासकीय कन्या महाविद्यालय झाबुआ की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, रेड रिबन क्लब, इको क्लब तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के संयुक्त तत्वावधान में 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले "सेवा संकल्प अभियान" का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी के निर्देशन एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान के अंतर्गत आगामी एक माह तक समाजहित एवं राष्ट्रहित से जुड़ी विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रसेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि "राष्ट्र हित सर्वोपरि है। राष्ट्रीय सेवा योजना का ध्येय 'स्वयं से पहले आप' केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन जीने का आदर्श है। छोटे-छोटे सेवा कार्य ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनते हैं।"
17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय परिसर में "आशीर्वाद का दिया" कार्यक्रम के अंतर्गत 500 दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की गई।
18 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता विषयक व्याख्यान आयोजित किया गया। साथ ही छात्राओं में जनजागरूकता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पोस्टर, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवी छात्राएँ समाज परिवर्तन की सशक्त वाहक हैं। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, वृक्षारोपण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे विषयों पर अपने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में जनजागरूकता फैलाकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. विजय कुमार ने किया तथा आभार प्रो. सुरेश भूरिया ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. विद्या चौहान, प्रो. ज्योति भावर, डॉ. वंदना मंडलोई, डॉ. राजेश भावर सहित महाविद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवी छात्राएँ उपस्थित रहीं। अंत में सभी ने राष्ट्रसेवा एवं समाजहित के लिए समर्पित रहने की सेवा संकल्प शपथ ग्रहण की।

ख़बर पर आपकी राय