झाबुआ। इंदौर पब्लिक स्कूल, झाबुआ के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने तैराकी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के कक्षा 8वीं के विशवा भूरिया एवं कक्षा 11वीं के देवराज मोरी का चयन SGFI संभागीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
दोनों खिलाड़ियों का चयन अंडर-17 वर्ग में 50 मीटर फ्रीस्टाइल एवं 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धाओं के लिए किया गया है। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय की उप प्राचार्या श्रीमती दीपिका श्रीवास्तव ने दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को इसी तरह निरंतर मेहनत करते हुए विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
