झाबुआ। प्रतिवर्षानुसार इंदौर पब्लिक स्कूल , झाबुआ में आज़ादी के महापर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। आज़ादी की 80 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का आगाज़ किया गया तथा विद्यालय के समस्त सदस्यों द्वारा तिरंगे को सलामी देकर इतनी मुश्किलों के बाद मिली आज़ादी को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली गई।
विद्यालय की उप प्राचार्या श्रीमती दीपिका श्रीवास्तव के साथ विद्यालय के प्रतिनिधि छात्र-छात्रा तथा प्राचार्य प्रतिनिधि छात्र-छात्रा द्वारा ध्वजारोहण कर झंडे को सलामी दी गई।
विद्यालय के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत गायन , नृत्य , तथा वादन की प्रस्तुति दी गई , जिसमें विद्यालय के कक्षा नर्सरी से बारहवीं कक्षा के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।विद्यालय के छात्रों द्वारा जिला स्तर पर डीआरपी लाइन पर आयोजित कार्यक्रम में भी अपने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति कर तृतीय स्थान प्राप्त किया गया।
विद्यालय के प्री प्राइमरी छात्रों द्वारा नृत्य -नाटिका में पुलवामा अटैक तथा ऑपरेशन सिंदूर की मनमोहक प्रस्तुति प्रस्तुत की गई।
शाला की प्रतिनिधि छात्रा कुमारी सिद्धि जैन द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि देश हमारे लिए क्या कर रहा है यह देखने के स्थान पर हमें देखना चाहिए कि हम देश के लिए क्या कर रहे हैं। हम भारत का भविष्य होने के साथ-साथ वर्तमान भी हैं । हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि भूतकाल में जंग के मैदान अलग थे परंतु आज हमारा कर्म क्षेत्र ही हमारे लिए जंग का मैदान है। यदि हम अपने कर्तव्यों का पालन सही से करें, तो यही देश सेवा है।
विद्यालय की उप प्राचार्या श्रीमती दीपिका श्रीवास्तव द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि आज़ादी केवल हमारा अधिकार नहीं , हमारी जिम्मेदारी भी है । अतः हमारा कर्तव्य है कि हम अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएं तथा जब सभी गलत कार्यों में लिप्त हों या झूठ का साथ दे रहे हों , तब भी हमें अपनी सच्चाई और ईमानदारी का पालन करते रहना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की ही छात्राओं माही पंड्या , अना खान तथा छात्र रूद्र पाटीदार द्वारा किया गया तथा आभार श्रीमती शुभा गुप्ता द्वारा व्यक्त किया गया।
