*बामनिया स्थित आशाश्री रेस्टोरेंट का निरीक्षण, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का भंडारण एवं निर्माण पाए जाने पर प्रकरण तैयार*
झाबुआ। बामनिया स्थित आशाश्री रेस्टोरेंट में नाश्ते के दौरान खाद्य पदार्थ में कीड़ा निकलने की शिकायत प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई। शिकायत प्राप्त होने के बाद शिकायतकर्ता से संपर्क कर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बामनिया पहुंची और संबंधित रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों के भंडारण, निर्माण एवं विक्रय की व्यवस्थाओं की जांच की गई। जांच में खाद्य पदार्थों का भंडारण एवं निर्माण अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जाना पाया गया। उक्त अनियमितताओं के संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत प्रकरण तैयार किया गया है।
तैयार प्रकरण को नियमानुसार आगामी कार्रवाई हेतु अपर कलेक्टर के न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य प्रतिष्ठानों में निर्धारित स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से निरीक्षण एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
