Posts

शासकीय कन्या महाविद्यालय झाबुआ में "ज्वाइन NSS" एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा नवप्रवेशित छात्राओं के लिए "ज्वाइन NSS" एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सीमा त्रिवेदी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी ने छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, ध्येय वाक्य "स्वयं से पहले आप" तथा वर्षभर आयोजित होने वाली विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में NSS से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती सीमा त्रिवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर डॉ. मुकेश अजनार ने विद्यार्थियों को  Nss के A,B,C प्रमाणपत्रों की जानकारी देते हुए उसके शैक्षणिक लाभों से अवगत कराया और विशेष शिविरों को जानकारी प्रदान की
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सेवा भाव एवं सामाजिक दायित्व का विकास करती है। उन्होंने कहा कि "समाज सेवा से शिक्षा और शिक्षा से समाज सेवा" का संदेश NSS के माध्यम से साकार होता है। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के साथ-साथ व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए NSS से जुड़कर समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो. विजय कुमार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. वंदना मंडलोई, डॉ. मुकेश अजनार सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्राएँ उपस्थित रहीं।

ख़बर पर आपकी राय