झाबुआ। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को गोल्डन ऑवर के दौरान समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने हेतु संचालित गुड सेमेरिटन योजना के अंतर्गत जिले के राहवीर चन्द्रभानसिंह भदोरिया को सम्मानित किया गया। परिवहन आयुक्त म. प्र. ग्वालियर द्वारा कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के माध्यम से प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके सराहनीय एवं मानवीय कार्य का सम्मान किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी झाबुआ श्रीमती कृतिका मोहटा ने बताया कि चन्द्रभानसिंह भदोरिया द्वारा एक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर के दौरान त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई थी। उनके इस साहसिक एवं मानवतापूर्ण कार्य के लिए गुड सेमेरिटन योजना के अंतर्गत उन्हें सम्मानित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त दुर्घटना में घायल मुकेश का उपचार के दौरान निधन हो गया था, जबकि दूसरे घायल सुनिल को मस्तिष्क सहित शरीर के अन्य भागों में गंभीर चोटें आई थीं। घायल सुनिल का उपचार लगभग एक माह दस दिवस तक अस्पताल में किया गया। ऐसे कठिन समय में चन्द्रभानसिंह भदोरिया द्वारा दिखाई गई तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
गुड सेमेरिटन योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करना तथा उनके साहसिक एवं मानवीय कार्यों को सम्मानित करना है। इस योजना के माध्यम से समाज में मानवीय संवेदनाओं एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।
