المشاركات

*झाबुआ पुलिस द्वारा 15 दिवसीय नशा मुक्ति अभियान "नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0" का शुभारंभ*

राजेंद्र राठौर
झाबुआ। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा तथा मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक  कैलाश मकवाना के निर्देशन में प्रदेशभर में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक *"नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0"* नशा मुक्ति अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना तथा जनमानस में नशे के दुष्परिणामों के प्रति व्यापक जागरूकता उत्पन्न करना है।

इसी क्रम में झाबुआ पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राजवाड़ा चौक, झाबुआ से जागरूकता रैली एवं नशा मुक्ति प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर झाबुआ  योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई लंबे समय से जारी है और वर्तमान समय में युवाओं के बीच नशे की प्रवृत्ति चिंताजनक रूप से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके पूरे परिवार पर भी गहरा नकारात्मक प्रभाव डालता है। इसलिए समाज के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।
*पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार* ने अपने संबोधन में कहा कि *केमिकल ड्रग्स, अफीम, गांजा, डोडाचूरा एवं अन्य नशीली दवाइयों* का दुरुपयोग वर्तमान समय में समाज और व्यवस्था के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है। इस समस्या का समाधान केवल कानून के माध्यम से नहीं, बल्कि जनसहभागिता एवं व्यापक जागरूकता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि हमारी नई पीढ़ी को नशे के अभिशाप से बचाना आज की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर में *"नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0"* अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से पुलिस एवं प्रशासन समाज के सहयोग से युवाओं को जागरूक कर इस सामाजिक बुराई के उन्मूलन का प्रयास करेंगे।
अभियान के अंतर्गत जिले के चिन्हित स्थलों, हाट-बाजारों, स्कूलों, महाविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाएं भी इस अभियान में पुलिस के साथ मिलकर सक्रिय सहभागिता निभाएंगी। पोस्टर, पम्पलेट, नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, रैली एवं अन्य जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों एवं इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में एसडीओपी झाबुआ कमलेश शर्मा, थाना प्रभारी कोतवाली आर.सी. भास्करे, ब्रह्माकुमारी संस्थान के सदस्य, गायत्री परिवार के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु, स्कूली छात्र-छात्राएं, रक्षा सखी टीम तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
*"नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0"* अभियान के माध्यम से झाबुआ पुलिस का सतत प्रयास रहेगा कि जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में जनसहयोग के साथ प्रभावी कार्य करते हुए एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज की स्थापना की जा सके।

ख़बर पर आपकी राय