Posts

*ओम पुण्याहं-पुण्याहं के मंत्रोच्चार के साथ श्री ऋषभदेव बावन जिनालय के सभी शिखरों पर हुआ भव्य ध्वजारोहण*

राजेंद्र राठौर
*ध्वजाओं की निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्री आदिनाथ के जयकारों से गूंजा जिनालय*
*सिद्धाचल तीर्थ की भावयात्रा एवं नवांणु प्रकार पूजन का हुआ आयोजन, साध्वी भगवंत का चातुर्मास परावर्तन विहार भी संपन्न*
*परिषद का 68 वा स्थापना दिवस मनाया गया* 
झाबुआ। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्मनगरी झाबुआ में जैन धर्म की आस्था, श्रद्धा एवं भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। श्री जैन श्वेतांबर श्री संघ द्वारा जैन तीर्थ श्री ऋषभदेव बावन जिनालय के सभी शिखरों पर मंगलवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य ध्वजारोहण किया गया। इस पावन अवसर पर ध्वजारोहण से पूर्व सभी ध्वजाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरा जिनालय परिसर जय श्री आदिनाथ के जयकारों एवं ओम पुण्याहं-पुण्याहं के मंगल मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा।
समस्त धार्मिक आयोजन पुण्य सम्राट श्रीमद् विजय जयन्तसेन सूरीश्वर जी महाराज साहेब की सुशिष्या एवं वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य श्री नित्यसेन सूरीश्वर जी महाराज साहेब की आज्ञानुवर्तिनी परम विदुषी साध्वी श्री अविचलदृष्टा श्री जी म.सा. आदि ठाणा-7 की पावनकारी निश्रा में संपन्न हुए। इस अवसर पर पूज्य साध्वी भगवंत ने श्री सिद्धाचल जी तीर्थ के पट्ट के समक्ष देववंदन एवं भावयात्रा की विशिष्ट धार्मिक क्रियाएं भी संपन्न करवाईं।
जैन श्री संघ के मीडिया प्रभारी रिंकू रूनवाल ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 7 बजे शुभ मुहूर्त में बावन जिनालय के सभी शिखरों पर ध्वजारोहण निमित्त सत्तरभेदी पूजन का लाभार्थी डॉ. गौरव जितेंद्र छबीलचंद रूनवाल परिवार रहा। पूजन की विधि ओएल जैन सा. श्री आदिनाथ राजेंद्र जयंत संगीत मंडल द्वारा संपन्न करवाई गई। पूज्य साध्वीजी भगवंत द्वारा सभी ध्वजाओं पर वासक्षेप किया गया। अष्टप्रकारी पूजन के पश्चात सभी ध्वजाओं के लाभार्थी परिवारों द्वारा जिनालय की तीन प्रदक्षिणा की गई।

*ध्वजाओं की निकली भव्य शोभायात्रा*

प्रातः 8 बजे श्री ऋषभदेव बावन जिनालय से प्रभुजी एवं सभी ध्वजाओं की भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में मुख्य ध्वजा के लाभार्थी दिलीप कुमार केसरीमल जी राठौड़ परिवार सबसे आगे चल रहे थे। उनके पीछे समस्त ध्वजाओं के लाभार्थी परिवार अपने सिर पर ध्वजाएं धारण कर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ चल रहे थे।

शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह समाजजनों द्वारा भगवान के सम्मुख अक्षत एवं श्रीफल से गहुली कर भव्य स्वागत किया गया। युवाओं द्वारा जय श्री आदिनाथ के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया। शोभायात्रा लक्ष्मीबाई मार्ग, राजवाड़ा एवं जगमोहनदास मार्ग होते हुए पुनः बावन जिनालय पहुंची।

जिनालय पहुंचने पर मुख्य ध्वजा सहित बावन जिनालय के सभी शिखरों पर लाभार्थी परिवारों द्वारा ओम पुण्याहं-पुण्याहं के मंगल मंत्रोच्चार के साथ ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान पूरा परिसर धर्ममय हो उठा। दादा गुरुदेव की ध्वजा का लाभ लीलाबाई शांतिलाल जी भंडारी परिवार ने लिया। वहीं सांभरण के कलश की अष्टप्रकारी पूजन का लाभ प्रकाशचंद एवं प्रदीप कुमार सुजानमल जी कटारिया परिवार ने प्राप्त किया।

*सिद्धाचल तीर्थ की भावयात्रा का हुआ आयोजन*

प्रातः 11 बजे उपाश्रय में पूज्य साध्वीजी भगवंत ने श्री सिद्धाचल जी तीर्थपट के समक्ष देववंदन करवाकर 21 खमासमणा की धार्मिक क्रिया संपन्न करवाई। इस अवसर पर साध्वीजी भगवंत ने श्री सिद्धाचल जी तीर्थ की महत्ता बताते हुए कहा कि तीनों लोकों में श्री सिद्धाचल तीर्थ के समान अन्य कोई तीर्थ नहीं है। इसके कंकर-कंकर में अनंत आत्माओं ने सिद्ध पद प्राप्त किया है और अनंत आत्माएं आगे भी यहां से मोक्षमार्ग की ओर अग्रसर होंगी। इस पवित्र तीर्थ की स्पर्शना एवं भावयात्रा करने से जीव के कर्मों की निर्जरा होती है तथा वह मोक्षमार्ग की ओर अग्रसर बनता है।

*आरती, पुष्प अर्पण एवं भाता प्रसादी का लिया लाभ*

श्री सिद्धाचल जी तीर्थ की आरती उतारने का लाभ राजेंद्र प्रसाद, जितेंद्र एवं अशोक मेहता परिवार ने लिया। गुरुदेव की आरती का लाभ श्रीमती चंदनबाला, चंद्रशेखर, मनोज एवं मुकेश नाकोड़ा परिवार ने प्राप्त किया। पुष्प अर्पण करने का लाभ पंकज कुमार एवं वेद कुमार कोठारी परिवार ने लिया, जबकि भाता प्रसादी के लाभार्थी दिलीप राठौर परिवार रहे।

दोपहर 12:30 बजे से श्री संघ की ओर से श्री ऋषभदेव बावन जिनालय धर्मशाला में समस्त समाजजनों के लिए साधर्मी वात्सल्य का आयोजन किया गया। वहीं दोपहर 1 बजे से श्री सिद्धाचल नवांणु प्रकार पूजन का भव्य आयोजन हुआ, जिसका लाभ जतनबेन बाबूलाल जी नवलखा परिवार ने लिया।

*साध्वी भगवंत का चातुर्मास परावर्तन विहार हुआ*

कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन अवसर का एक विशेष प्रसंग पूज्य साध्वीजी भगवंत आदि ठाणा-7 का चातुर्मास उपरांत परावर्तन विहार रहा। दोपहर 3 बजे बावन जिनालय से पूज्य साध्वीजी भगवंत का परावर्तन विहार प्रारंभ हुआ। समाजजनों ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ विहार में सहभागिता की। शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ यह परावर्तन विहार लाभार्थी संघवी वालीबाई सागरमल जी, मनोहरलाल जी छाजेड़ परिवार के राजगढ़ नाका स्थित निवास स्थान पर पहुंचा।

इस प्रकार कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ध्वजारोहण, भव्य शोभायात्रा, सिद्धाचल तीर्थ की भावयात्रा, नवांणु प्रकार पूजन, साधर्मी वात्सल्य एवं साध्वी भगवंत के परावर्तन विहार सहित संपूर्ण आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ संपन्न हुए।
*परिषद का 68 वा स्थापना दिवस मनाया गया*
परम पूज्य व्याख्यान वाचस्पति आचार्य भगवंत श्रीमद् विजय यतींद्र सुरीश्वरजी महाराज साहेब जी द्वारा स्थापित अखिल भारतीय श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद का 68 वा स्थापना दिवस कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 52 जिनालय उपाश्रय पर पूज्य साध्वी जी भगवंत श्री अविचलद्रष्टा श्री जी म.सा.की पावनकारी शुभा निश्रा में मनाया गया, जिसके अंतर्गत सभी श्री संघ एवं परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्यों  ने परिषद का ध्वजारोहण किया साथ ही परिषद ध्वज गीत गया।  इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्री संघ एवं परिषद के सदस्य उपस्थित थे

ख़बर पर आपकी राय