झाबुआ। शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, रेड रिबन क्लब एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक दिवस का गरिमामय आयोजन प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी के निर्देशन तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय एवं प्रेरणादायी बना दिया। इको क्लब की छात्राओं ने परिसर में लगे पौधों एवं पुष्पों से पर्यावरण-अनुकूल सुंदर बुके तैयार कर अतिथियों का अभिनंदन किया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
स्वागत उद्बोधन एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी ने कहा कि "शिक्षक स्वयं दीपक की भाँति जलकर अपने विद्यार्थियों के जीवन को ज्ञान के प्रकाश से आलोकित करते हैं। हमारे प्रथम गुरु माता-पिता होते हैं, जो हमें जीवन के अमूल्य संस्कार एवं सही दिशा प्रदान करते हैं।"
डॉ. प्रकाश अलंसे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक आदर्श शिक्षक विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करना सिखाता है तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
प्रो. विजय कुमार ने भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक सफल व्यक्ति की उपलब्धियों के पीछे उसके शिक्षकों का अमूल्य योगदान होता है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थी गीली मिट्टी के समान होते हैं, जिन्हें एक कुशल शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से उत्कृष्ट व्यक्तित्व का स्वरूप प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता एवं गुरु का ऋण जीवनभर नहीं चुकाया जा सकता। गुरु का स्थान सर्वोच्च है, क्योंकि वही हमें ज्ञान, संस्कार एवं जीवन का वास्तविक उद्देश्य समझाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने शिक्षक दिवस पर अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए तथा मनमोहक गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेविका प्रीतिका चौहान ने तथा आभार प्रदर्शन देवयानी अजनार ने किया।
इस अवसर पर छात्राओं का माई भारत पोर्टल पर पंजीयन कराया गया तथा विकसित भारत यंग लीडर्स क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में प्रो. सुरेश भूरिया, प्रो. ज्योति भावर, डॉ. वंदना मंडलोई, डॉ. मीनल मोहानिया सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा युवा सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया।
