झाबुआ, 11 अगस्त। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक संचालित "हर घर तिरंगा अभियान" के अंतर्गत आज शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई, रेड रिबन क्लब एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वृहद तिरंगा रैली एवं नशा मुक्त भारत अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी के निर्देशन तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाअध्यक्ष भूरिया थे, जबकि विशिष्ट अतिथि ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, झाबुआ से बहन ज्योति जी एवं बहन जयति जी उपस्थित रहीं एवं बबलू सकलेचा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वयंसेवी छात्राओं द्वारा अतिथियों का तिलक एवं एनएसएस बैज लगाकर आत्मीय स्वागत करने के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी छात्राओं एवं उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि भूरिया ने हरी झंडी दिखाकर विशाल तिरंगा रैली को रवाना किया।
रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर टंट्या मामा चौराहा तक पहुँची। इस दौरान छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्", "हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा" तथा "नशा छोड़ो, देश जोड़ो" जैसे जोशीले नारों से पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। रैली ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
मुख्य अतिथि भानु भूरिया ने अपने उद्बोधन में तिरंगे के गौरव, उसके सम्मान तथा प्रत्येक नागरिक के जीवन में उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से हर घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि बहन ज्योति जी ने स्वतंत्रता संग्राम के महान जननायकों एवं क्रांतिकारियों के अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। बहन जयति जी ने चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों तथा आध्यात्मिक चेतना के माध्यम से सशक्त एवं संस्कारित समाज के निर्माण पर बल दिया।
प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ केवल राजनीतिक आजादी नहीं, बल्कि नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी स्वयं को मुक्त करना है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, अनुशासित एवं राष्ट्रहित में समर्पित जीवन अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ. प्रकाश अलांसे, डॉ. विद्या चौहान, प्रो. विजय कुमार, प्रो. सुरेश भूरिया, प्रो. ज्योति भावर, मानसिंह परमार, अजय बैरागी, पार्वती हीहोर, रामसिंह गणावा सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
यह आयोजन राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नशा मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ। रैली के माध्यम से छात्राओं ने समाज को यह संदेश दिया कि "हर घर तिरंगा" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता, अखंडता और नागरिक कर्तव्य का सशक्त प्रतीक है।