झाबुआ। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, झाबुआ में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर *महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व* का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य अमीयराज चौहान एवं मुख्य अतिथि वार्ड क्रमांक-1 की पार्षद श्रीमती रेखा अश्विन शर्मा द्वारा माँ सरस्वती एवं महर्षि सांदीपनि के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
अपने उद्बोधन में प्राचार्य अमीयराज चौहान ने महर्षि सांदीपनि के आदर्श जीवन, उनके ज्ञान, तप एवं गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने गुरुओं के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान व्याख्याता उदय रवि अहीरवार ने महर्षि सांदीपनि के जीवन से जुड़ी अनेक प्रेरणादायक जानकारियाँ साझा कीं तथा भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान का महत्व विस्तार से बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन भानुराज सिंह राठौड़ द्वारा किया गया, जबकि अंत में मदन सिंह वसुनिया ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त अधिकारी, प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
