*आरोपी के कब्जे से लगभग ₹20 हजार मूल्य की ब्राउन शुगर जप्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज*
झाबुआ। मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित *"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0"* अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबुआ प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान भी निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य जिले को नशामुक्त बनाना तथा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
इसी क्रम में एसडीओपी झाबुआ कमलेश शर्मा एवं थाना प्रभारी कोतवाली आर.सी. भास्करे के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए *5.30 ग्राम ब्राउन शुगर* के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
थाना कोतवाली पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि हिमराज पिता कम्मा डामोर,उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम करडावद बड़ी, हनुमान टेकरी (हाथीपावा गेट के पास), अवैध रूप से ब्राउन शुगर विक्रय करने के उद्देश्य से खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी कर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से सफेद प्लास्टिक की पन्नी में रखा हुआ भूरे रंग का संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। परीक्षण एवं इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर उक्त पदार्थ *5.30 ग्राम ब्राउन शुगर* पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग *₹20,000* है।
बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जप्त कर सीलबंद किया गया तथा आरोपी हिमराज डामोर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 714/2026 अंतर्गत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया। प्रकरण की विवेचना जारी है।
झाबुआ पुलिस द्वारा संचालित *"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0"* अभियान के तहत एक ओर विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, धार्मिक स्थलों, औद्योगिक क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कठोर वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
झाबुआ पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए झाबुआ पुलिस का अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" के अंतर्गत जनजागरूकता एवं सख्त वैधानिक कार्रवाई के साथ निरंतर जारी रहेगा।*